लखीमपुर खीरी। जनपद के ऑरेंज जोन में शामिल होने के बाद शासन से नामित नोडल अफसर/विशेष सचिव गन्ना पवन गंगवार ने गुरुवार को सदर ब्लॉक के सीतापुर रोड पर स्थित डिम्हौरा और मुड़िया खुर्द गांव का निरीक्षण किया। दोनों गांवों के चार परिवारों में होम क्वारंटीन किए गए 10 प्रवासियों का हालचाल जाना, जिसके बाद नोडल अफसर ने निगरानी समितियों के कार्यों का पर्यवेक्षण किया। उन्होंने निगरानी समिति के सदस्यों को होम क्वारंटीन किए गए लोगों पर कड़ी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने प्रधान से कहा है कि होम क्वारंटीन में रखे गए प्रवासियों को किसी भी स्थिति में घर से बाहर न घूमने दिया जाए। यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसकी सूचना कोविड 19 कंट्रोल रूम के नंबरों पर तुरंत दें। जिससे उसे स्क्रीनिंग कैंप में भेजा जा सके।
इससे पहले नोडल अफसर पवन गंगवार ने सीतापुर रोड पर बनाए गए स्क्रीनिंग होम का निरीक्षण किया, जिसके बाद जगसड़ गांव स्थित दृष्टिबाधित स्कूल में बने क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण किया। इसे कोविड 19 लेवल वन अस्पताल में बदले जाने के लिए आवश्यक सुविधाओं और सुरक्षा उपायों की डॉक्टरों से जानकारी ली क्योंकि बेहजम स्थित कोविड 19 लेवल वन अस्पताल में कोरोना संक्रमितों की संख्या 41 पहुंच गई है, जबकि इसकी क्षमता 40 संक्रमितों को रखने की है। इस दौरान एसडीएम सदर डॉ अरुण कुमार सिंह मौजूद रहे।