लखीमपुर खीरी। कोरोना संक्रमण को लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भले ही काफी गंभीरता बरत रहा है लेकिन जाने अनजाने में उससे यह चूक जरूर हो गई कि दिल्ली से आए हिदायत नगर निवासी चाचा-भतीजे का सैंपल लेने के बाद उन्हें होम क्वारंटीन में ही रहने दिया। इस दौरान संक्रमित लोग व उनके परिजन मिलते रहे और जब जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो उन्हें आनन फानन में कोविड-19 अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
हिदायतनगर एवं रामनगर में तीन कोरोना पॉजिटिव मिलने से शहर के बाशिंदे दहशत में हैं। दरअसल तीन दिन पूर्व दिल्ली से लौटे चाचा-भतीजे के सैंपल लेकर उन्हें होम क्वारंटीन के लिए घर भेज दिया। घरवालों का दावा है कि दोनों ने घर में रहकर होम क्वारंटीन के नियमों का पालन किया, लेकिन मोहल्ले के लोगों का कहना है कि दोनों युवक गलियों में दिखाई दिए। सोमवार रात जब जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो अधिकारियों ने कोरोना संक्रमित युवकों को बेहजम में बने कोविड-19 अस्पताल भेजवाकर पूरे मोहल्ले को सीज कर दिया। सोमवार रात करीब ढाई बजे से मोहल्ले को पूरी तरह से बल्लियां लगाकर सीज कर दिया है।
यदि दिखाते गंभीरता तो न आती ऐसी नौबत
जिला प्रशासन द दोनो युवकों के मामले में गंभीरता दिखाई गई होती तो आज मोहल्ले को सील करने की नौबत न आती। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि दोनों युवक 14 मई को दिल्ली से आए और सोमवार रात आई जांच रिपोर्ट में दोनो संक्रमित मिले। जिला प्रशासन यदि दोनों युवकों को इन तीन दिन तक क्वांरटीन सेंटर में रखता तो इनकी संपर्क में घर वाले आते और न ही घरवालों के संपर्क में मोहल्ले वाले। ऐसे में मोहल्ले को सीज करने के साथ स्वास्थ्य महकमे को दिक्कत न उठानी पड़ती।
मोहल्ले की स्थिति
जनसंख्या- करीब 10,000, मोहल्ले में घरों की संख्या- करीब 1500, छोटी बड़ी दुकानें- 90, मतदाता- करीब 6000