लखीमपुर खीरी। शहर के बाजार में भीड़ उमड़ने और लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन किए जाने पर डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने एक्शन लिया है। डीएम ने बाजार में भीड़ को नियंत्रित करके लॉकडाउन के नियमों का पालन कराने के लिए वाणिज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर महेंद्र प्रताप सिंह यादव की अगुवाई में आठ सदस्यीय बाजार निगरानी समिति बनाई हैै। बाजार को पांच सेक्टरों में बांटकर उपसमितियां भी बनाई गई हैं, जो जमीनी स्तर पर लॉकडाउन के नियमों का अनुपालन कराएंगी।
शहर के प्रमुख बाजारों में बढ़ रही भीड़ को अमर उजाला प्रमुखता से प्रकाशित करता रहा है। इस मामले को डीएम ने गंभीरता से लिया। उन्होंने बाजार निगरानी समिति सदस्यों में डिप्टी कमिश्नर के अलावा उपायुक्त उद्योग संजय सिंह, ईओ आरआर अंबेश, सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अजय मिश्रा, व्यापार मंडल से कृृष्ण गोपाल शेखर, प्रकाश गुप्ता, उमेश शुक्ला और महेश पुरी को शामिल किया गया है। निगरानी समिति की सहायता के लिए पांच उपसमितियां भी बनाई गई हैं। संकटा देवी (सेक्टर-1) में चार सदस्यीय उपसमिति में एसआई संतोष कुमार राय, टैक्स कलेक्टर योगेश राय, व्यापार संगठन के संजय गुप्ता कन्हैया और राजू अग्रवाल को शामिल किया गया हैै। बड़ा चौराहा (सेक्टर-2) की उपसमिति में हेड कांस्टेबल राधेश्याम, टैक्स कलेक्टर विजय कुमार गुप्ता, व्यापारी सतीश चंद्र टंडन और आनंद टंडन सदस्य हैैं। हीरालाल धर्मशाला चौराहा (सेक्टर-3) की उपसमिति में एसआई दीपक राय, टैक्स कलेक्टर अहमद वली, व्यापारी सचिन गुप्ता और बाबी गुप्ता को शामिल किया गया है। मिश्राना चौराहा (सेक्टर-4) में एसआई रामसमुझ, टैक्स कलेक्टर सईद खां, व्यापारी श्याम कुमार तिवारी और अशोक गुप्ता की उपसमिति बनाई गई है। जबकि मेला मैदान (सेक्टर-5) की उपसमिति में हेड कांस्टेबल धीरेंद्र गिरि, टैक्स कलेक्टर राजेश मौर्या, व्यापारी इशरत अली खां और विपुल सेठ को शामिल किया गया है। सभी सेक्टरों का एरिया भी निर्धारित किया गया है, जिसके अनुसार उपसमितियां लॉकडाउन के नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराएंगी। डीएम ने उपसमितियों को व्यापारियों से समन्वय स्थापित करके बाजार में लॉकडाउन के नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए हैं। उपसमितियां अपनी रिपोर्ट बाजार निगरानी समिति को देंगी, जिसके बाद समिति अपनी रिपोर्ट नोडल अधिकारी/अपर एसडीएम को भेजेगी।