लखीमपुर खीरी। जिला अस्पताल में संविदा पर तैनात मनोचिकित्सक के कोरोना पॉजिटिव मिलने से जिला अस्पताल और क्वारंटीन सेंटरों का स्टाफ दहशत में है। जिला प्रशासन ने कई लोगों को होम क्वारंटीन करने के साथ उन लोगों की तलाश शुरू कर दी है जो डॉक्टर के संपर्क में आए। मंगलवार को जिला अस्पताल में सन्नाटा रहा और दिनों के मुकाबले मरीज भी कम आए। सीएमओ ने अस्पताल को सैनिटाइज भी कराया।
बताया जाता है कि चार मई को मनोचिकित्सक दो स्टाफ नर्स और चालक के साथ पसगवां गए। इससे पहले उन्होंने जिला अस्पताल के स्टोर से ग्लब्स लिए। पसगवां में वह सीएचसी अधीक्षक और दो अन्य लोगों से मिले। फिर जिले पर आकर सीतापुर निकल गए। जबकि इससे पहले वह क्वारंटीन सेंटरों पर जाकर लोगों की काउंसलिंग करते रहे। इसके बाद वह नौ मई को सैंपल देने के लिए जिला अस्पताल आए। तब भी वह कई लोगों से उनके चैंबर में जाकर मिले। ऐसे में जिला अस्पताल, सीएमओ कार्यालय, टीबी अस्पताल के अलावा क्वारंटीन सेंटरों का स्टाफ किसी आशंका को लेकर दहशत में है। मंगलवार को सीएमओ ने अपने कार्यालय परिसर, टीबी अस्पताल, आईसीयू वार्ड के अलावा जिला अस्पताल को सैनिटाइज कराया।
मनोचिकित्सक के संपर्क में आने वाले 15 लोगों के सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे गए हैं। जिला अस्पताल के जो लोग संपर्क में आए हैं उनके सैंपल सात दिन बाद भेजेे जाएंगे।
-डॉ. आरसी अग्रवाल, सीएमएस