पलियाकलां (लखीमपुर खीरी)। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस ने ड्रोन से मोहल्लों में निगरानी शुरू की है। इसको लेकर पुलिस ने पुराना बस स्टैंड, मदीना मस्जिद के साथ ही कई मोहल्लों में ड्रोन उड़वाकर लोगों की निगरानी की। इसके अतिरिक्त बाजार में होने वाली भीड़ पर भी नजर रखी गई।
सीओ राकेश कुमार नायक ने बताया कि कोरोना को लेकर लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के साथ ही बाजारों में उमड़ रही भीड़ की निगरानी करने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। बताया कि कैमरे से दुकानों को देखा जा रहा है कि किस दुकान पर कितनी भीड़ है और वह किस तरह से नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। ऐसे दुकानदारों को चिह्नित कर उनपर कार्रवाई की जाएगी। बताया कि नेपाल बॉर्डर का इलाका होने के कारण यहां पर अत्यधिक सख्ती जरूरी है। इधर, इंस्पेक्टर विद्याशंकर शुक्ला, पूर्ति निरीक्षक आनंद कुमार सिंह, चौकी इंचार्ज उदयभान यादव ने गश्त कर गतिविधियों पर नजर रखी।