लखीमपुर खीरी। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और एसपी पूनम ने शिशु देखभाल केंद्र पुलिस लाइन में पुलिस परिवारिजनों को मास्क और सैनिटाइजर दिए। डीएम-एसपी ने कहा कि सभी लोग अपने घरों के आसपास साफ-सफाई रखें और सामाजिक दूरी का ख्याल रखें। प्रतिसार निरीक्षक को पुलिस लाइन परिसर में प्रतिदिन सैनिटाजर का छिड़काव करने और साफ सफाई कराने के निर्देश दिए। एसपी पूनम ने बताया कि पुलिस परिवार केंद्र में पुलिस लाइन के टेलर के सहयोग से पुलिस परिवार की महिलाओं व महिला पुलिसकर्मियों ने अब तक 20 हजार मास्क तैयार किए हैं। इन मास्कों को पुलिस परिवारीजनों के अलावा विभिन्न स्थानों पर जरूरतमंदों को भी बांटा जा रहा है।
नायब तहसीलदार ने बेवजह घूम रहे लोगों को लगाई फटकार
बांकेगंज एसडीएएम अखिलेश यादव के निर्देश पर कस्बा की मेन मार्केट पहुंचे नायब तहसीलदार ने सड़कों पर बेवजह घूमते दिखे लोगों को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही पुलिस को लॉकडाउन का कड़ाई से पालन करवाने के निर्देश दिए।
शनिवार दोपहर बांकेगंज कस्बा में लॉकडाउन का जायजा लेने पहुंचे नायब तहसीलदार गोला अमित पांडेय ने बाजार में बैठकर सब्जी और फल बेच रहे दुकानदारों के यहां लगी भीड़ को देख हिदायत देते हुए कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने संबधित लोगों से हाथ की ठेलिया पर गली और मोहल्लों में सब्जी बेचने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों को सामाजिक दूरी बनाए रखने पर खास ध्यान देने को कहा। लॉकडाउन का उल्लघंन करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।