लखीमपुर खीरी। सरकार से मिल रही राहत राशि लेने के लिए बैंकों में लगातार भीड़ उमड़ रही है तो बाजारों में भी खरीदार लॉकडाउन के नियमों का पालन नहीं कर रहे। कोरोना संक्रमण के चलते लोग जान की भी परवाह नहीं कर रहे और सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे में शासन व प्रशासन की मेहनत पर पानी फिर सकता है।
बैंकों के बाहर और अंदर भीड़ नियंत्रित करने के लिए बैंक प्रबंधन से लेकर प्रशासन काफी समय से कवायद कर रहा है, 630 बैैंक करेस्पांडेंट (बीसी) को गांवों में जाकर ग्रामीणों को भुगतान की सुविधा प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा डाकघरों में माइक्रो एटीएम से आधार कार्ड के माध्यम से बैंक ग्राहकों को भुगतान की सुविधा दी गई है। ऐसा बैंकों में भी भीड़ कम करने के लिए किया गया है, लेकिन इसका असर नहीं दिख रहा है। अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) जितेंद्र नाथ श्रीवास्तव ने बैंकों के जिला समन्वयकों को 13 अप्रैल 2020 को पत्र के माध्यम से बैंक शाखा के गेट के दोनों ओर महिला और पुरुष की अलग-अलग लाइन लगवाकर भुगतान करने के लिए कहा था। साथ ही एक मीटर की दूरी पर गोले बनाकर उनमें ग्राहकों को खड़ा करने के निर्देश दिए थे। कुछ बैैंक शाखाओं को छोड़कर ज्यादातर शाखाओं में इस निर्देश का समुचित पालन नहीं किया जा रहा। कुछ ऐसी है स्थिति बाजारों में भी है, जहां खरीदार सामाजिक दूरी का पालन करते नजर नहीं आ रहे।
शहर के बाजार में मंगलवार को काफी भीड़ रही। लोग एक-दूसरे से सटकर बाजार में खरीदारी करते दिखे।
शहर में बिस्कुट बेचने वाली एक एजेंसी पर ग्राहकों की भीड़ नजर आई, जहां लोग आपस में सटे खड़े थे। इसमें ज्यादातर दुकानदार थे, जो यहां से बिस्कुट ले जाकर अपनी दुकानों से ग्राहकों को बेचेंगे। यदि किसी को संक्रमण हुआ, तो वह अपनी दुकान पर आने वाले ग्राहकों को भी संक्रमित कर सकता है।
गोला गोकर्णनाथ। बैंकों में लाभार्थियों की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही। बैंक प्रबंधक और पुलिस के समझाने के बाद भी लोग सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं।
ममरी। इंडियन बैंक शाखा और हैदराबाद की पंजाब नेशनल बैंक, गनेशपुर की ओरियंटल बैंक ऑफ कामर्स के सामने चिलचिलाती धूप में बैलेंस की जानकारी करने, प्रधानमंत्री जनधन योजना, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना के तहत रुपये निकालने वाले खातेदारों की लंबी लाइन लगी रही।बैंक प्रबंधक दिलीप यादव ने बताया कि इस वक्त लोगों के खातों में शासकीय सुविधाओं का धन आया है, उनके खाते सही करने का काम चल रहा है। इसी वजह से भीड़ बढ़ रही है।
सभी बैंकों के समन्वयकों को सामाजिक दूरी का अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। शाखाओं में एक मीटर कर दूरी पर गोले बनाकर ग्राहकों को खड़ा करने की व्यवस्था कराई गई है।
-जितेंद्र नाथ श्रीवास्तव, एलडीएम
बैंकों में भीड़ को नियंत्रित कर सामाजिक दूरी का अनिवार्य रूप से पालन कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैैं। गांवों में लोगों को पैसे निकालने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लॉकडाउन के नियमों का सख्ती से अनुपालन कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
-शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम