लखीमपुर खीरी। जायद और खरीफ फसलों की तैयारी के लिए सोलर पंप की मरम्मत कराई जानी है। लॉकडाउन के चलते सोलर पंप की मरम्मत करने वाले तकनीशियन और मकैनिकों को आवाजाही में परेशानी आ रही है। इससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है, क्योंकि सोलर पंप के मरम्मत किए बगैर खेतों की सिंचाई नहीं हो सकती। लिहाजा जिला कृषि अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह ने सोलर पंप की मरम्मत करने वाले तकनीशियन और मकैनिकों को पास जारी करने के लिए डीएम से मांग की, जिस पर डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने तकनीशियन और मकैनिकों को पास जारी करने की अनुमति दे दी है। यह पास जिला कृषि अधिकारी के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा जारी किए जाएंगे। साथ ही डीएम ने लोगों से लॉकडाउन के दौरान सामाजिक दूरी का पालन कराने के भी निर्देश दिए हैं।