लखीमपुर खीरी। शहर हो या ग्रामीण क्षेत्र जरा सी ढिलाई मिलते ही लोग घरों से बाहर निकल आते हैं। सामाजिक दूरी की भी परवाह नहीं करते हैं। शनिवार को भी ऐसा ही नजारा शहर में देखने को मिला। चौराहों पर बेवजह निकले लोगों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। वाहनों की चाबियां जमा कर ली। जरूरतमंदों को जाने दिया।
जिले में लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस व प्रशासन को सख्ती करनी पड़ रही है। अफसरों के तमाम प्रयासों के बाद भी कुछ लोग मानने को तैयार नहीं हैं। पुलिस लगातार सामाजिक दूरी के साथ ही लॉकडाउन के नियमों का पालन करने के लिए अपील भी कर रही है, लेकिन थोड़ी ढिलाई मिलते ही कुछ लोग बेवजह घरों के बाहर निकल रहे हैं। शनिवार को प्रभारी निरीक्षक सदर अजय प्रकाश मिश्र सरकारी जीप से शहर में अनाउंसमेंट कर लोगों से सामाजिक दूरी रखने और नियमों का पालन करने की अपील करते रहे। प्रभारी निरीक्षक सदर के साथ ही पुलिस ने चौराहों पर चेकिंग की। बिना काम के घरों से बाहर निकलने लोगों पर सख्ती की। उनकी बाइकों की चाबियां भी जमा कर ली। जरूरतमंदों को पूछताछ करने के बाद जाने दिया गया। महिला पुलिस कर्मियों ने भी गश्त की। महिलाओं को रोककर घर से बाहर निकलने का कारण पूछा।
लखीमपुर खीरी शहर में पटाखे की आवाज करने वाली वाहनों पर पुलिस की नजर तिरछी है। रोडवेज चौकी इंचार्ज दीपक राय ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान इसी तरह के एक वाहन को पकड़ लिया। उन्होंने मैकेनिक को बुलाकर वाहन का साइलेंसर खुलवाकर तोड़ दिया। चालक से दूसरा साइलेंसर मंगवाकर लगवाने के बाद ही जाने दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से ऐसे वाहन चालकों में हड़कंप है। सदर कोतवाली पुलिस अब तक 24 से अधिक ऐसी बाइकों का साइलेंसर बदलवा चुकी है।