पलियाकलां। पीलीभीत के एक किसान व मंडी सचिव के बीच हुए विवाद का असर बृहस्पतिवार को भी दिखाई दिया। डरे सहमे धनारा घाट से सब्जी लाने वाले किसानों ने सब्जी मंडी में पहुंचाने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि जब तक मामले में कार्रवाई नहीं होती है तब तक वह सब्जी मंडी तक नहीं लाएंगे। जिसके चलते केवल स्थानीय मंडी आढ़ती ही सब्जियों की बिक्री करते दिखाई दिए। जिससे मंडी परिसर में सन्नाटा भी पसरा रहा।
बता दें कि पीलीभीत के धनारा घाट निवासी किसान मोहम्मद यामिन ने मंडी सचिव व कुछ लोगों पर धन उगाही का आरोप लगाया था। आरोप है कि जब रुपये देने से मना किए तो उक्त लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। मामले ने तूल पकड़ लिया जब मंडी के सब्जी आढ़ती भी इसको लेकर आक्रोशित हो गए और उन्होंने अपनी दुकानें बंद कर दीं। बुधवार को प्रशासनिक अधिकारी पूरे दिन आढ़तियों की मान मनौवल में लगे रहे। मामले में मंडी सचिव को छोड़कर अन्य पर रिपोर्ट दर्ज होने तथा दो दिन की जांच के बाद रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की बात पर मंडी आढ़तियों ने बृहस्पतिवार को अपनी दुकानें खोल दीं। लेकिन धनारा घाट से सब्जी लाने वाले किसान बृहस्पतिवार को मंडी नहीं पहुंचे। उनका कहना था कि जब तक मामले में कार्रवाई नहीं होती है तब तक वह सब्जी नहीं लाएंगे। जिससे बची हुई सब्जियों की बिक्री ही बृहस्पतिवार को हो सकी। सुबह भीड़ होने के बाद जल्द ही मंडी परिसर में सन्नाटा दिखाई देने लगा। उधर मंडी आढ़तियों के अनुसार मामले में दो दिन देखा जा रहा है रिपोर्ट आने के बाद आगे क्या होगा उसके बाद ही निर्णय लिया जाएगा।