धौरहरा (लखीमपुर खीरी)। धौरहरा कस्बा क्षेत्र की मस्जिदों से पकड़े गए 12 जमातियों में से तीन कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ये लोग दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात के मरकज में आयोजित जलसे में शामिल होने के बाद यहां रह रहे थे। इन्हें बुधवार से जिला प्रशासन ने क्वारंटीन किया हुआ था। शनिवार रात मेडिकल कॉलेज से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यहां अफरातफरी मच गई।
डीएम ने एहतियातन तीनों संक्रमित जमातियों को बेहजम सीएचसी के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया है और इनके संपर्क में आए अन्य 28 लोगों को क्वारंटीन कर दिया है। तब्लीगी जमात में शामिल होने के बाद बिहार निवासी 12 जमाती कस्बे की मस्जिदों में शरण लिए हुए थे। पुलिस प्रशासन ने सर्च अभियान चलाकर इन सभी को मस्जिदों से मंगलवार रात पकड़ा था। तहसील प्रशासन ने सभी जमातियों और उनके संपर्क में आए चार अन्य लोगों को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में बनाए गए सेंटर में क्वारंटीन किया था।
जिला अस्पताल की टीम ने इन सभी लोगों के सैंपल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज लखनऊ भेजे थे। शनिवार रात तीन जमातियों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद यहां अफरातफरी मच गई। डीएम के निर्देश पर इन तीनों जमातियों को इलाज के लिए बेहजम सीएचसी में बनाए गए सेंटर में भर्ती कराया गया। इनके संपर्क में आने वाले चिह्नित 28 लोगों को क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है। पुलिस इनके संपर्क में आने वाले अन्य लोगों की भी तलाश कर रह रही है।