धौरहरा (लखीमपुर खीरी) के राजकीय इंटर कॉलेज में क्वारंटीन किए गए जमाती। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
धौरहरा (लखीमपुर खीरी)। नगर की मस्जिदों से मंगलवार की रात पकड़े गए बिहार के 12 लोग दिल्ली के निजामुद्दीन में हुई तब्लीगी जमात में भी गए थे। बृहस्पतिवार को डिप्टी सीएमओ के नेतृत्व में जांच टीम क्वारंटीन सेंटर पहुंची। जिसने सभी आइसोलेट किए गए जमातियों का चेकअप किया।
एसडीएम एस सुधाकरन के निर्देश पर पुलिस ने मंगलवार की रात बिहार के थाना सिंहेश्वर अंतर्गत जनपद मधेपुरा के 12 जमातियों और मस्जिद के इमाम सहित चार लोगों को राजकीय इंटर कॉलेज में क्वारंटीन किया था। पकड़े गए लोगों ने बताया कि उनकी जमात बिहार से नेपाल, पांच मार्च को आनंद बिहार दिल्ली और छह मार्च को निजामुद्दीन की मजलिस में गई थी। बाद में आठ मार्च को प्राइवेट बसों से दिल्ली से धौरहरा कस्बे की मरकज मस्जिद पहुंचे। उन्होंने कस्बे की काबा मस्जिद सहित कई मस्जिदों में मजलिस की। बाद में कस्बे के पड़ोसी गांवों मंगरौली, नज्जापुरवा, भटपुरवा आदि कई गांवो में हुई मजलिसों में शामिल हुए। बृहस्पतिवार की शाम चार बजे डिप्टी सीएमओ अश्वनि कुमार जिला टीम और एसडीएम एस सुधाकरन के साथ राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचे। डॉक्टरों की टीम ने जमातियों का परीक्षण किया। डिप्टी सीएमओ अश्वनि कुमार ने बताया कि परीक्षण किया गया है जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ बता पाना संभव होगा।
बिहार से आए लोगों को राजकीय इंटर कॉलेज में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर पर रखा गया है उनकी जांच की गई है। रिपोर्ट आने पर ही स्थिति साफ होगी।
-शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम