लखीमपुर खीरी। श्रम विभाग ने पंजीकृत श्रमिकों को आर्थिक सहायता के तौर पर एक-एक हजार रुपये भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। पहले दिन 2490 श्रमिकों के खाते में धनराशि पहुंच गई है, जबकि कुल 29 हजार श्रमिकों को धनराशि भेजी जानी है। इसमें से करीब नौ हजार श्रमिकों का बैंक खाता नंबर श्रम विभाग के पोर्टल पर अपलोड नहीं है। सहायक श्रमायुक्त ने ऐसे नवीन पंजीकृत श्रमिकों के बैंक खाते की सूचना ईमेल और व्हाट्सएप पर मांगी है।
सहायक श्रमायुक्त अखलाक अहमद ने बताया कि उप्र भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से आपदा राहत सहायता योजना के तहत समस्त पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को उनके बैंक खाते में एक हजार रुपये प्रति श्रमिक की दर से आरटीजीएस के माध्यम से भेजने की शुरुआत हो गई है। कुछ नवीनीकृत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बैंक विवरण निर्माण श्रमिक पंजीयन पोर्टल पर उपलब्ध नहीं हैं, वो लोग अपने पंजीयन प्रमाण पत्र एवं बैंक पासबुक की प्रति (जिसमें खाता संख्या एवं आईएफएससी कोड अंकित हो) को सहायक श्रमायुक्त के कार्यालय की ईमेल आईडी एएलसीसलखीमपुर80 एट द रेट जीमेल डॉट काम पर भेजें। इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर 87360-85984 पर भेज सकते हैं।
पीएम किसान सम्मान निधि की किस्तें दो अप्रैल से
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों के बैंक खाते में दो अप्रैल से दो हजार रुपये की किश्त जानी शुरू हो जाएगी। जनपद में कुल 6,42,932 किसान पंजीकृत हैं, जिनमें 5,62,520 किसान पात्र हैं। वैसे तो योजना के प्रारंभ से अब तक चार किस्तें दी जा चुकी हैं। प्रथम किस्त चार लाख 55 हजार से अधिक किसानों को मिली थी, जबकि चौथी किस्त 2.53 लाख से अधिक किसान पाए थे। उपनिदेशक कृषि टीएम त्रिपाठी ने बताया है कि बैंक खाते से आधार का लिंक कराना आवश्यक है। इसके बावजूद भी यदि किसी किसान की किस्त फंसी है, तो वह पीएम किसान डॉट जीओवी डॉट इन पर लॉगिन करके फार्मर कार्नर में जाकर अपना स्टेटस चेक करे। फिर संबंधित अभिलेखों को व्हाट्सएप के जरिए अपने ब्लॉक के राजकीय बीज भंडार के कर्मचारी या एडीओ कृषि के नंबर पर भेजें।