लखीमपुर खीरी। कोरोना से बचाव के लिए डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने आला अधिकारियों के नेतृत्व में 12 टीमें बनाई हैं, जो ग्रामीण और नगरीय सेक्टरों में व्यवस्थाओं को देखेंगे।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में बनी टीम के सदस्य भारत सरकार और राज्य सरकार एवं जनपद के विभिन्न विभागों से महत्वपूर्ण मुद्दों पर समन्वय स्थापित करेगी। सीडीओ अरविंद सिंह की अध्यक्षता में गठित टीम श्रमिकों और गरीबों को समय से भरण-पोषण भत्ते का वितरण सुनिश्चित कराएंगी। साथ ही औद्योगिक इकाइयों में बंदी के दौरान पूर्ण वेतन/मानदेय सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एडीएम अरुण कुमार सिंह की अगुआई में बनी टीम आवश्यक सामग्री एवं वस्तुएं उपलब्ध कराने के लिए जनपदों के बीच समन्वय स्थापित करेगी। इसके अलावा उन्हें लॉकडाउन में कार्रवाई की समीक्षा और मीडिया को तत्काल जानकारी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गेहूं खरीद की जिम्मेदारी भी एडीएम को सौंपी गई है। वहीं सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल की अध्यक्षता में बनी टीम कोरोना वायरस के संभावित एवं संक्रमित व्यक्तियों का प्रभावी इलाज एवं देखभाल करेगी।