मंगलवार को 11 तो सोमवार को मिल चुके हैं 37 लोग संक्रमित
पिछले दस दिन से जिले में निरंतर मिल रहे संक्रमित
कोरोना महामारी की अनदेेखी बन सकती है मुसीबत
लखीमपुर खीरी। पिछले करीब दस दिन से जिले में लगातार कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। सोमवार को सबसे ज्यादा 37 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी तो वहीं दूसरे दिन मंगलवार को 11 लोग पॉजिटिव मिले। विभागीय अधिकारी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने से लेकर वैक्सीनेशन कराने के लिए जागरूक कर रहे हैं। मगर, जिलेवासी न तो मास्क लगा रहे हैं और न ही भीड़ भाड़ वाली जगहों पर ही जाने से बच रहे हैं। इस तरह की लापरवाही उन्हें भारी पड़ सकती है। जिले में अब 101 लोग सक्रिय संक्रमित हैं।
महिला अस्पताल का अल्ट्रासाउंड कक्ष
महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कक्ष के सामने मंगलवार को जांच पहले कराने के लिए महिलाओं में मारामारी मची थी। बिना मास्क लगाए महिलाओं में सामाजिक दूरी तक नदारद थी। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच ऐसी लापरवाही घरवालों तक के लिए मुसीबत बन सकती है।
बिना मास्क मेन रोड से निकलती युवतियां
कोरोना का खौफ लोग पूरी तरह से भूल चुके हैं। यही वजह है कि लोग कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं कर रहे हैं। मंगलवार को मेन रोड से निकल रहे लोगों में अधिकतर लोग, यहां तक की एक दुकान पर खरीददारी कर रहीं युवतियां भी मास्क नहीं लगाए थीं।
रोडवेज बस अड्डे पर शुरू हुई थर्मल स्कैनिंग
जिले सहित अन्य शहरों में कोरोना की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने बस अड्डे पर यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग करानी शुरू कर दी है। रोजाना करीब 40 से 50 लोगों की स्कैनिंग की जाने लगी है। इसके लिए स्वास्थ्य अधिकारियों ने एक कर्मचारी तैनात किया है।
टीकाकरण नहीं पकड़ रहा रफ्तार
भले ही कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन टीकाकरण की रफ्तार बेहद सुस्त है। वैक्सीनेशन के लिए टीकाकरण केंद्रों पर लोग नहीं पहुंच रहे हैं। जिला एवं महिला अस्पताल में सिर्फ गिनती के ही लोग टीका लगवाने पहुंच रहे हैं, जबकि कोरोना संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए वैक्सीनेशन बेहद जरूरी है।
पिछले सात दिन में मिले संक्रमित
18 जून- 10
19 जून- पांच
20 जून- चार
21 जून-11
22 जून- छह
23 जून- सात
24 जून- पांच
25 जून- 16
26 जून-सात
27 जून- 37
28 जून-11
आयु- लक्ष्य- पहली डोज- दूसरी डोज
12 से 14-170339- 163750 (96.1)-85796(50.37)
15 से 17-282033-300572 (106.6)-238781(84.7)
18 से अधिक-2749495-2892574(105.3)-2688440(94)
60 से अधिक-349732-345301(98.7)-312236(89.3)
एहतियाती डोज-384524-83508(21.7)-00
सैनिटाइजर और मास्क कोई नहीं रहा पूछ
दवा कारोबारी अमन त्रिवेदी बताते हैं कि कोरोना संक्रमितों की संख्या में भले ही इजाफा हो रहा है, मगर सैनिटाइजर और मास्क की बिक्री अब भी न के ही बराबर है। कभी कभार मास्क तो बिक जाते हैं, लेकिन सैनिटाइजर कोई नहीं पूछता।
टीकाकरण और जागरूकता ही है बचाव
जिले में एक्टिव संक्रमित 101 हैं। कोरोना से बचने के लिए सभी लोग दो गज की दूरी और मास्क है जरूरी नियम का पालन अवश्य करें। ऐसा करके ही कोरोना महामारी को हराया जा सकता है। जिन लोगों ने अभी तक दूसरी और एहतियाती डोज नहीं लगवाई है। वह सभी नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर वैक्सीन अवश्य लगवा लें।
- डॉ. शैलेंद्र भटनागर, सीएमओ
जिले में 101 हैं एक्टिव संक्रमित
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि मंगलवार शाम पांच बजे तक 350 लोगों की जांच रिपोर्ट आई। इसमें सात पॉजिटिव और 343 लोग नेगेटिव रहे। इसके अलावा तीन लोग एंटीजन और एक व्यक्ति निजी लैब की जांच में पॉजिटिव मिला। ऐसे में मंगलवार को जिले के 11 लोगों संक्रमण की पुष्टि हुई।
अब तक मिले कुल संक्रमित- 6071
स्वस्थ हुए- 5962
एक्टिव पॉजिटिव-101
जांच के लिए गए सैंपल-2539