पलिया के प्राइमरी स्कूल में कोरोना की जांच करती टीम। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। शुक्रवार को आठ और नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक लैब से कुल 1758 रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं, जिसमें पांच पॉजिटिव एवं 1753 नेगेटिव हैं। वही एक अन्य लैब एवं दो एंटीजन से पॉजिटिव रिपोर्ट प्राप्त हुई है।
लखीमपुर तहसील के हाथीपुर कोठार में दो, इमली चौराहा में एक, तहसील मितौली के बेहजम में दो, तहसील धौरहरा के गोविंद शुगर मिल ऐरा में एक संक्रमित मिला है। वहीं दो संक्रमित मरीजों को ट्रैक किया जा रहा है।
-
पलिया में मोबाइल वैन घूमी, किए कोरोना टेस्ट
पलियाकलां। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर प्रशासन अब कतई भी ढिलाई के मूड में नहीं है। शुक्रवार को नगर पालिका कांप्लेक्स को सैनिटाइज किया गया। प्राइमरी स्कूल पलिया और चौकी तिराहे पर मोबाइल वैन से आए मेडिकल स्टाफ ने लोगों की कोरोना जांच की। प्राइमरी स्कूल में सीएचसी अधीक्षक डॉ एचएन वरूण के नेतृत्व में टीम ने कई लोगों की जांच की। उधर नगर पालिका परिषद ने कांप्लेक्स को सैनिटाइज कराया। साथ ही लोगों को कोरोना से बचाव के बारे में जागरूक किया गया। संवाद
--
भीरा पुलिस ने चलाया मास्क चेकिंग अभियान
गुलरिया। भीरा पुलिस ने कोरोना के बढ़ते दुष्प्रभाव से बचने के लिए जनता से नियमों का पालन करने की अपील की है। एसओ अजय राय ने 30 वाहनों का चालान कर 16 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला। कोविड-19 के नियमों का अनुपालन कराने के लिए भीरा एसओ ने अपने दल-बल के साथ कस्बे में रूट मार्च कर मुख्य चौराहे पर वाहन चेकिंग की। बिना सीट बेल्ट, बिना मास्क, बिना हेलमेट के वाहन चालकों के चालान कर जुर्माना भी वसूला। सार्वजनिक स्थान पर थूकने वाले 10 व्यक्तियों का चालान कर एक हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। संवाद