लखीमपुर खीरी। कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या के बीच बाजार अनलॉक हो गए हैं। सरकार का यह निर्णय व्यापार को पटरी पर लाकर अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए है। ऐसे में बेहद सतर्क और जागरूक रहने की जरूरत है, क्योंकि शहर में कंटेन्मेंट जोन बनना भी बंद हो चुके हैं। इससे किस मोहल्ले की किस गली में संक्रमित हैं, इसकी जानकारी लगना मुश्किल है। जो लोग मानते हैं कि कोरोना संक्रमण कुछ नहीं है तो वह यह गलतफहमी दिमाग में बिल्कुल न पालें। अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए अत्यधिक सतर्क रहें। घर से बाहर मास्क लगाकर निकलें और जब तक बाहर रहें तब तक उसे हाथ न लगाएं, क्योंकि ऐसा करना संक्रमण को दावत देना है।
यह लापरवाही पड़ न जाए भारी
महिला अस्पताल में दवा लेने के लिए महिलाओं की रोज भीड़ उमड़ती है। अस्पताल प्रशासन की सख्ती से महिलाएं मास्क तो लगाती हैं, लेकिन सामाजिक दूरी का पालन नहीं करतीं।
घर से बाहर निकलकर भी लोग लापरवाही कर रहे हैं। शनिवार को खपरैला बाजार में तमाम दुकानदार और महिलाएं बिना मास्क लगाए मिले। सामाजिक दूरी का भी पालन होता नहीं मिला।
रोडवेज बस के परिचालक भी मास्क नहीं लगा रहे। जबकि एआरएम ने परिचालकों को मास्क और सैनिटाइजर रखने के निर्देश दे रखे हैं। मगर, परिचालक लापरवाही बरत रहे हैं।
बाजार में पैदल निकलने वाले हों या फिर दो पहिया वाहन चालक। किसी को मास्क लगाने की चिंता नहीं है। जबकि तमाम संक्रमित शहर की सड़कों पर घूम रहे हैं।
--
काशीनगर में कई संक्रमित मिल चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन वहां पर कंटेन्मेंट जोन बनाना जरूरी नहीं समझ रहा। जिस कारण लोग बेरोक टोक मोहल्ले में बिना मास्क घूम रहे हैं।
‘घर से मास्क लगाकर निकलें...कोरोना को लेकर गाइड लाइन का करें पालन’
संक्रमितों की बढ़ती संख्या के बीच लोगों को बेहद सावधान रहना होगा। घर से मास्क लगाकर निकलें। कुछ लोग मास्क नहीं लगाते, कुछ लोग गर्दन या फिर नाक से नीचे रखते हैं। यह तरीका गलत है। बार-बार मास्क छुएं नहीं, खांसते व छींकते समय मास्क न हटाएं। जो संक्रमित होम आइसोलेट हैं वह पूरी ईमानदारी के साथ इसके निर्देशों का पालन करें।
-डॉ. आरपी दीक्षित, एसीएमओ
जिस तरह संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है वह बेहद चिंताजनक है। मास्क लगाने में लापरवाही न करें। घर से बाहर होने पर सामाजिक दूरी का पालन करे। कोविड-19 को लेकर शासन ने जो गाइडलाइन जारी की है उसका पालन कर महामारी से बचा जा सकता है।
-मौलाना मतीन अहमद रहमानी
कोरोना वैश्विक महामारी है और अब यह कंट्रोल के बाहर हो गई है। लोगों ने अपने को ईश्वर के सहारे छोड़ दिया है। संक्रमितों की बढ़ती संख्या के बीच लोग जिस तरह लापरवाही बरत रहे हैं वह बेहद चिंताजनक है।
-आशीष अवस्थी अनल, राष्ट्रीय कवि
लॉकडाउन से अर्थव्यवस्था बेपटरी हो गई, जिसे पटरी पर लाने के लिए जितना जरूरी बाजार खुलना है उतना ही जरूरी संक्रमण को रोकना भी। बढ़ते संक्रमण के बीच जिस तरह लोग लापरवाही कर रहे हैं, उस पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासनिक सख्ती भी जरूरी है।
-अशोक गुप्ता, जिला मंत्री, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल
कोरोना को लेकर स्थितियां नियंत्रण के बाहर होती जा रही हैं। ऐसे में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। अपनी सुरक्षा अपने हाथ को लेकर लोग स्वयं जागरूक बनें। अपनी और अपने परिवार को सुरक्षित रखने के लिए मास्क लगाएं और सामाजिक दूरी का पालन करें।
-घनश्याम अग्निहोत्री, अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ
बाजार खुलने से आम जनमानस को राहत मिलने से अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। संक्रमण को लेकर जिस तरह लोगों में जागरूकता खत्म हो गई है वह बेहद खतरनाक है। संक्रमण काल में लापरवाही करना भारी पड़ सकता है।
-रूपम तिवारी, समाजसेवी
सदर तहसील में मिले संक्रमितों पर एक नजर
15 सितंबर-81
16 सितंबर-103
17 सितंबर-41
18 सितंबर-102
लॉकडाउन समाप्त कर दिया गया है, लेकिन कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। जब तक इसके इलाज के लिए वैक्सीन नहीं आ जाती, तब तक लोगों को स्वयं अपने और परिवार की सुरक्षा के लिए जागरूक होना होगा। कोरोना से बचाव में बिल्कुल लापरवाही न करें।
-शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम
कोरोना से बचाव के लिए शासन और प्रशासन ने जो गाइडलाइन जारी की है। उसका पूरी तरह से पालन कराया जा रहा है, जो लोग बिना मास्क के मिल रहे हैं। जुर्माना वसूल कर उन पर कार्रवाई का जा रही है। सामाजिक दूरी को लेकर भी पुलिस कार्रवाई कर रही है।
-विजय ढुल, एसपी