ईद के दौरान भी लागू रहेंगे कोरोना कर्फ्यू के सारे प्रतिबंध
लखीमपुर खीरी। कोरोना संक्रमण के चलते जनपद में करीब एक पखवाड़े से अधिक समय से लागू कोरोना कर्फ्यू को सात दिन के लिए और बढ़ा दिया गया है। इससे 10 मई की सुबह सात बजे तक लागू कोरोना कर्फ्यू अब 17 मई 2021 तक लागू रहेगा। इस अवधि में 14 मई को ईद भी मनाई जाएगी, उस दिन भी कोरोना कर्फ्यू के सारे प्रतिबंध लागू रहेंगे। इस अवधि में पूर्व की भांति आवश्यक वस्तुओं जैसे दूध, फल-सब्जी, किराना, खाद-बीज की दुकानें निर्धारित समय के मुताबिक खुलेंगी।
जनपद में मतदान के बाद से ही कोरोना कर्फ्यू की मियाद आगे बढ़ाई जा रही है, जिससे कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ी जा सके। हालांकि संक्रमितों के नए केस मिलने की संख्या पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं हो सका है, बल्कि मौतों के आंकड़े बढ़ रहे हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। लिहाजा कोरोना की रोकथाम के लिए सरकार ने कोरोना कर्फ्यू को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। इस दौरान आवश्यक सेवाओं के लिए ही लोगों को मूवमेंट की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा जनपद के अंदर और बाहर आवागमन के लिए ई-पास जारी करने की आनलाइन व्यवस्था की गई है। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए कोरोना कर्फ्यू की मियाद बढ़ाई गई है। इस दौरान आवश्यक वस्तुओं की दुकानें पूर्व निर्धारित समय के अनुसार खोली जाएंगी।