लखीमपुर खीरी। कोरोना की बढ़ती रफ्तार रोकने के लिए तीन दिन का कर्फ्यू शुक्रवार रात से शुरू हो गया। शनिवार सुबह बाजार पूरी तरह से बंद रहा। इससे सड़कों से लेकर गलियों तक में सन्नाटा पसरा रहा। कोरोना को हराने के लिए लोग घरों में रहे। सड़क पर स्वास्थ्य एवं नगर पालिका के कर्मचारियों सहित मरीजों के तीमारदार आते जाते दिखे।
आम दिनों की अपेक्षा शनिवार की सुबह सबसे अलग रही। सुबह के समय सड़कों पर चहल पहल तक नहीं दिखी। मोहल्लों की गलियों से लेकर बाजार एवं प्रमुख सड़कें सुनसान रहीं। शहर की सड़कों पर मेडिकल स्टोरों के ही शटर उठे मिले। वह भी हर रोड पर सिर्फ गिनती के।
.
कचहरी पर रोड आते जाते दिखे लोग
दिन में 11 बजे कचहरी रोड पर लोग आते जाते दिखे। हालांकि रोड की मार्केट पूरी तरह से बंद रही। मगर, नसीरुद्दीन मौजी मैदान में कोविड जांच कराने कराने वाले एवं नौरंगाबाद स्थित अस्पतालों में भर्ती मरीजों के तीमारदार आते जाते रहे।
.
कोतवाली रोड पर पसरा रहा सन्नाटा
कोरोना कर्फ्यू के कारण शनिवार सुबह से लेकर शाम तक कोतवाली रोड पर सन्नाटा रहा। जबकि शहर की सबसे व्यस्त रोड में शुमार इस सड़क पर देर रात तक लोगों की आवाजाही रहती है।
-
गोला समेत विभिन्न कस्बों में सड़कों पर रहा सन्नाटा
गोला गोकर्णनाथ। शहर का बाजार बंद रहा। पुलिस की सख्ती के चलते सड़क पर गिनती के ही लोग आते दिखे। वहीं दवाओं, फल, सब्जी, दूध की दुकानों पर लोगों ने सामाजिक दूरी का पालन कर आवश्यकता की वस्तुएं खरीदीं।
संसारपुर। दवाई, फल एवं सब्जियों की दुकानों को छोड़ कर पूरा बाजार बंद रहा। इक्का-दुक्का लोग ही बाजार जरूरत की चीजें खरीदते मिले। पुलिस चौकी प्रभारी सतीशचंद्र यादव ने स्टाफ के साथ पैदल मार्च कर राहगीरों को मास्क लगाने एवं बेवजह घर से बाहर न निकलने की अपील की।
ममरी। शनिवार को कस्बा ममरी, महेशपुर, अजान, झाऊपुर, घरथनिया,अहमदनगर, रोशननगर की मार्केट में मेडिकल स्टोर, फल, निजी क्लीनिक को छोड़ सभी दुकानें बंद रहीं। सड़कों पर निजी वाहनों का संचालन बंद रहने से यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
रोशननगर। मेडिकल स्टोर को छोड़कर अन्य सभी दुकानें पूर्णतया बंद रहीं, वहीं सड़कों पर लोग बहुत कम दिखे। ऑटो एवं ई-रिक्शा भी न चलने से यात्रियों दिक्कत का सामना करना पड़ा।
अमीरनगर। तीन दिन की सप्ताहिक बंदी का पहले दिन पूरा असर दिखा। कस्बे में मेडिकल स्टोर, सब्जी और फल की दुकानें छोड़कर सभी दुकानें पूर्ण रूप से बंद रहीं, जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
-
पलिया में भी दिखा कर्फ्यू का असर
पलियाकलां। कर्फ्यू के पहले दिन पूरा बाजार बंद रहा। मेडिकल स्टोर, फल, सब्जी आदि की दुकानें ही खुलीं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। साप्ताहिक बाजार होने के कारण रामलीला मैदान में लगी भीड़ में सामाजिक दूरी तार तार रही।
मझगईं। कस्बे में सन्नाटा रहा। बिना मास्क के बाजार में घूम रहे लोगों को चैकी इंचार्ज हनुमंत लाल तिवारी ने कड़ी फटकार लगाई। बेवजह घूमने वालों को हिदायत भी दी। संवाद
-
एसडीएम ने सड़क पर घूमकर दी हिदायत
मोहम्मदी। एसडीएम ने सुबह मुख्य मार्गों, चौराहों और बाजार का जायजा लिया और सड़क पर घूम रहे लोगों को सख्त हिदायत दी।
रेहरिया। पिपरिया धनी चौराहे पर रेहरिया चौकी इंचार्ज हर्षित सिंह ने लोगों को तीन दिन के कोरोना कर्फ्यू के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि रविवार को मतगणना भी होनी है, कोई भी बिना वजह अनावश्यक मतगणना केंद्र पर न जाए। चुनाव जीतने के बाद अगर कोई प्रत्याशी जश्न मनाने की तैयारी करता है तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद