लखीमपुर खीरी। अमर उजाला फाउंडेेशन के राहत शिविर में क्वारंटीन 41 में से 27 लोगों को शनिवार को घर जाने की अनुमति मिल गई। इन सभी को 14 दिन तक घर पर क्वारंटीन रहने को कहा गया है। शनिवार को शिमला से आए दो युवकों को राहत शिविर में क्वारंटीन किया गया।
जिला प्रशासन के सहयोग से अमर उजाला फाउंडेशन के राहत शिविर में पलायन करके आए 41 लोगों को क्वारंटीन किया गया था। इनका डॉक्टरों की टीम रोजाना स्वास्थ्य परीक्षण करती थी और समाजसेवी रमेश अग्रवाल, जीवन ट्रांसपोर्ट कंपनी के इंद्रेश गुप्ता, कन्हैया चाट वाले की ओर से चाय, नाश्ता और खाना दिया जाता था। क्वारंटीन शिविर के 41 लोगों में से 27 के 14 दिनों का क्वारंटीन समय पूरा होने के बाद शनिवार को घर जाने की इजाजत दे दी गई। स्वास्थ्य परीक्षण करने वाली फरधान सीएचसी टीम की डॉ .पल्लवी महेंद्रा, अमित कुमार एवं राजीव वर्मा ने 14 दिन तक घर भी क्वारंटीन में रहने को कहा है। डॉ. पल्लवी महेंद्रा ने बताया कि घर जाने वाले सभी लोगों को घरों पर भी 14 दिन तक एहतियात बरतने की जानकारी दी गई है। इस दौरान किसी प्रकार की समस्या होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर परीक्षण कराने के लिए कहा गया है।
क्वारंटीन शिविर में दो और युवक हुए भर्ती
दूसरे प्रदेशों से आकर घर में रह रहे दो युवकों को पुलिस ने क्वारंटीन सेंटर में भर्ती कराया है। यह दोनो कुछ दिन पहले ही पलायन कर घर आए हैं। मोहल्लेवालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनो को क्वारंटीन शिविर में भर्ती कराया है। इन दोनो को अब 14 दिन तक राहत शिविर में ही रहना होगा।