लखीमपुर खीरी। कोरोना वायरस के लिए जांच को छात्र के खून का सैंपल भेजने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। अस्पताल प्रशासन हर पल युवक पर नजर बनाए है। जिला अस्पताल के चेस्ट फीजिशियन की देखरेख में उसका इलाज किया जा रहा है। वहीं लखनऊ में बैठे अधिकारी भी हर पल युवक के स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं। सीएमएस का कहना है कि जांच रिपोर्ट देखने के बाद ही कुछ कह पाना संभव होगा।
यहां बता दें कि चीन में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा छात्र यहां लौटने पर स्वयं ही जांच के लिए बुधवार को अस्पताल पहुंचा था, जिसके बाद उसके खून का सैंपल लेकर लखनऊ भेजने के बाद उसे भर्ती कर लिया गया। जिला अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी डॉ एसके मिश्र बताते है कि युवक को लेकर पूरी एहतियात बरती जा रही है।
खौफ में है अस्पताल कर्मी
कॉर्डियोलॉजी विभाग में बने कोरोना वार्ड में रखे गए युवक को लेकर अस्पताल कर्मचारियों में भी डर बना है। कर्मचारी उस तरफ जाने से भी कतरा रहे हैं। वहीं जो लोग वहां पर पहले से बैठते थे वह भी वहां पर जाने से बच रहे हैं।
जब तक जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती है, तब तक युवक से लोगों का मिलना प्रतिबंधित कर दिया गया है। घर के एक दो सदस्यों को ही सेफ्टी किट पहनकर मिलने दिया जा रहा है।
-डॉ मनोज अग्रवाल सीएमओ