लखीमपुर खीरी/निघासन। मोहर्रम के जुलूस के रास्ते में खड़ी ग्राम प्रधान की कार हटाने को लेकर विवाद हो गया। कार हटाने में टालमटोल पर सिपाही ने कार में सवार प्रधान के बेटे को थप्पड़ जड़़ दिया। इसी बीच प्रधान ने सिपाही का गिरहबान पकड़ कर खींचतान की। सूचना पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने समझाकर मामला शांत कराया तब कहीं जाकर जुलूस आगे बढ़ा। इस दौरान एक घंटे तक जुलूस रुका रहा।
मामला पढुआ थाने के खरवहिया नंबर दो गांव का है। यहां से ताजियों का जुलूस लखाही कर्बला के लिए जा रहा था। खरवाहिया गांव के बाहर बीर बाबा स्थान के पास जुलूस के रास्ते में खरवाहिया की प्रधान किरण मौर्य की बोलेरो खड़ी थी। उस में प्रधान का नाबालिग बेटा बैठा हुआ था। वहां मौजूद सिपाही नीरज ने कार हटाने के लिए कहा तो प्रधान के बेटे ने ड्राइवर बुलाने की बात कही। देर होने पर सिपाही ने लड़के को थप्पड़ जड़ दिया। इस बीच प्रधान किरण मौर्य भी वहां पहुंच गईं और सिपाही का गिरेबान पकड़ कर खींचतान कर दी। भीड़ की वजह से मौके पर अफरा तफरी मच गई।
सूचना के बाद निघासन सीओ राजेश कुमार और कोतवाल प्रभातेश श्रीवास्तव मौके पर पहुंच गए। पुलिस प्रधान को कोतवाली ले जाना चाहती थी लेकिन लेकिन वह नही गई। काफी देर तक दोनों पक्षों में चली बातचीत के बाद मामला शांत हो गया। इस दौरान एक घंटे तक ताजियों का जुलूस रुका रहा। कोतवाल प्रभातेश श्रीवास्तव ने बताया कि गाड़ी हटाने को लेकर प्रधान और सिपाही में विवाद हो गया था जिसे सुलझा लिया गया है। अब कोई विवाद नही है मामला शांत हो गया है। सीओ राजेश कुमार ने बताया कि मामला शांत है।
बिजली के तार और पेड़ों की डाल न हटवाने पर फूटा गुस्सा, दो घंटे तक रहे हंगामे के हालात
निघासन। पढुआ थाना के जोधापुरवा गांव में मोहर्रम के जुलूस के समय ताजिएदार रास्ते से बिजली के तार हटवाने और पेड़ों की डाल कटवाने की बात पर अड़ गए। सूचना पर पढुआ थानाध्यक्ष हनुमंत लाल तिवारी, नायब तहसीलदार वीरेंद्र कुमार यादव, राजस्व निरीक्षक सुधीर कुमार श्रीवास्तव व क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे। ताजियेदारों को समझाया गया। बिजली विभाग के कर्मचारी भी पहुंचे। थानाध्यक्ष ने पेड़ों की कुछ डाल कटवा दी। बाद में ताजिएदार मान गए और ताजिये सुपुर्द ए खाक किए गए। गांव में करीब दो घंटे तक विवाद की स्थिति रही। थानाध्यक्ष हनुमंत लाल तिवारी ने बताया कि समझा-बुझाकर मामले को शांत करा दिया गया। संवाद
महेवागंज : सड़क पर रख दिया ताजिया, लगा जाम, बदलना पड़ा रास्ता
महेवागंज। बालूडीह में दसवीं मुहर्रम के जुलूस में शामिल एक ताजिए को ले जाने में विवाद की स्थिति बनी। ताजिएदारों ने ताजिए को सड़क पर रख दिया। इससे कुछ देर तक जाम की स्थिति बनी। पुलिस-प्रशासन के समझाने पर दूसरे रास्ते से ताजिये को कर्बला में ले जाकर गमगीन माहौल में सुपुर्द ए खाक किया गया। राजापुर और बड़ा गांव मे रविवार 11 वीं मुहर्रम को ताजिया सुपुर्द ए खाक़ किए जाएंगे। बड़ागांव में शांति व्यवस्था में पुलिस और पीएसी लगी है। संवाद
युवक के पास से अवैध असलहा बरामद
मोहम्मदी। पुलिस ने गरवापुर से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। उसके पास से अवैध असलहा और कारतूस बरामद किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि युवक ताजिये के जुलूस में कोई बड़ा विवाद कर सकता था। पुलिस ने बताया कि एक युवक को हिरासत में लिया है।
मंदिर परिसर में मोहर्रम का बाजा बजाने का वीडियो वायरल
लखीमपुर । सिंगाही कस्बे के वार्ड-तीन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में शिव मंदिर परिसर में मोहर्रम का बाजा बजाते देखा और सुना जा रहा है। जुलूस में शामिल कई लोग मंदिर के सामने पड़ी टिनशेड के नीचे खड़े दिखे। वायरल वीडियो 26 जुलाई का बताया गया। इस संबंध में हिंदू संगठनों ने थाने पर तहरीर भी दी थी। सिंगाही थाना प्रभारी शिवाजी दुबे ने बताया कि वीडियो तीन दिन पुराना है। बारिश हो रही थी। बचने के लिए जुलूस में शामिल लोग टिनशेड के नीचे खड़े हो गए। सभी को समझाया गया है। किसी तरह का कोई विवाद नहीं है। संवाद