धौरहरा। थाना धौरहरा क्षेत्र के चौकी कफारा के गांव गुरुघुट्टा में होली पर युवकों में फोटो खींचने को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद एक दुकान से 20 रुपये का सामान खरीदने के लेनदेन को लेकर वे फिर भिड़ गए। इस दौरान वहां पहुंची महिला ने बेटों को दूसरे युवक से झगड़ा करते देखा तो वह बीचबचाव करने लगीं। इसी दौरान उन्हें किसी ने धक्का मार दिया। सड़क पर गिरने से उनकी मौत हो गई।
गुरुघुट्टा में सोमवार को 50 वर्षीय राजकुमारी के चार बेटे अरुण, रामू, गोपाल, प्रेमू गांव के ही सतीश समेत अन्य के साथ रंग खेल रहे थे। इसी दौरान युवकों में फोटो खींचने को लेकर कहासुनी होने लगी। कुछ देर के बाद मामला शांत हो गया। कहासुनी के बाद सभी एक दुकान पहुंचे और सामान खरीदा। 20 रुपये के लेनदेन के पीछे वे फिर आपस में झगड़ने लगे। इस दौरान राजकुमारी वहां पहुंची।
उन्होंने अपने पुत्रों को लड़ता देखा तो बीच-बचाव करने लगीं। इस दौरान धक्का लगने पर वह सड़क पर गिर गईं। सिर में चोट लगने से उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कफारा चौकी पुलिस ने लोगों से जानकारी ली। महिला के पति ने तहरीर दी है। एक युवक को हिरासत में लिया गया है। इधर, सीओ पीपी सिंह ने बताया कि किसी की कोहनी लगने से महिला सड़क पर गिर गई और सिर पर चोट आने से उनकी मौत हो गई। मामले की जांच कराई जा रही है।