धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र धौरहरा के ढखेरवा हाईवे किनारे लालजीपुरवा में एक क्रशर में रविवार को ठेका मजदूर की शीरा भरे टैंक में गिरने से झुलसकर मौत हो गई। मृतक बदायूं का रहने वाला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
कोतवाली क्षेत्र धौरहरा के निघासन सिसैया हाईवे के किनारे ग्राम लालजीपुरवा गांव में लगे शिव पार्वती शुगर इंडस्ट्रीज नाम के क्रशर पर ठेका मजदूर हसीब काम कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हसीब (20) पुत्र सफाहित टैंक के पास से गुजर रहा था कि तभी उसका पैर फिसल गया। जिससे वह टैंक में जा गिरा। घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मृतक ग्राम मुस्कारा थाना कादर चौक जनपद बदायूं का रहने वाला था।
घटना की सूचना मिलने के बाद धौरहरा कोतवाल दिनेश सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक पवन प्रताप व हल्का प्रभारी ब्रह्मानंद यादव मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कोतवाल दिनेश सिंह ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।