मारपीट में चोटिल रोडवेज डिपो का टाइम कीपर मोहम्मद मोबीन। संवाद
गोला गोकर्णनाथ। नगर के विकास चौराहे के निकट रोडवेज डिपो के टाइम कीपर से मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर चोटिल हो गए। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है।
खुटार निवासी मोहम्मद मोबीन ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह रोडवेज डिपो में समय पाल हैं। शनिवार की शाम को डिपो के संविदा चालक से कहासुनी हुई थी। मामले को शांत करा दिया गया था। उसके बाद वह रोडवेज बस से खुटार के लिए अपने घर जा रहा था। बताते हैं कि विकास चौराहे के पास 10-12 लड़कों ने बस को रुकवा लिया और बस से नीचे खींचकर लाठी-डंडों से पीटा। समय पाल ने संविदा चालक पर मारपीट और मोबाइल, पर्स और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है।
प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। रोडवेज डिपो इंचार्ज प्रेमशंकर कोस्टा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मारपीट डिपो के बाहर हुई है। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। साथ ही दोषी पाए जाने पर संविदा चालक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।