लखीमपुर खीरी। जुलाई का राशन न मिलने से बांकेगंज ब्लॉक के गोपालापुर गांव में उपभोक्ता भड़क गए। बड़ी संख्या में लोग कोटेदार के यहां पहुंचे और नाराजगी जताई। कोटेदार ने पूरा खाद्यान्न आवंटन न मिलने की बात कही। इसका वीडियो भी वायरल किया गया। दूसरी ओर, कोटेदार और ग्रामीणों ने डीएम से शिकायत कर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
गोपालापुर गांव में दो कोटेदार हैं। कोटेदार रजी अहमद का कोटा अनियमितता के आरोप में निलंबित होने के बाद गांव के दूसरे कोटेदार राजेश कुमार की दुकान से संबद्ध कर दिया गया। राजेश कुमार को जुलाई में संबद्ध कोटे के 335 पात्र गृहस्थी और 63 अंत्योदय कार्डधारकों का खाद्यान्न मिलना था, लेकिन उन्हें केवल 38 अंत्योदय कार्डधारकों का ही स्टॉक मिला।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, दुकान तो संबद्ध कर दी गई, लेकिन कोटे का पूरा खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराया गया। इससे जुलाई का राशन वितरण प्रभावित हो गया। ग्रामीण लगातार कोटेदार के यहां चक्कर लगा रहे हैं। आरोप है कि गोपालापुर के 335 पात्र गृहस्थी और 25 अंत्योदय कार्डधारक राशन से वंचित हैं।
पूर्ति निरीक्षक की भूमिका पर सवाल
विभागीय सूत्रों के अनुसार, पूर्ति निरीक्षक अमित कुमार की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। सूत्रों का दावा है कि 335 पात्र गृहस्थी कार्डधारकों के राशन वितरण में सामने आए कथित घालमेल में उनकी भूमिका की शिकायत भी की गई है। इस संबंध में उनका पक्ष जानने के लिए फोन और व्हाट्सएप पर संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
आपके माध्यम से यह मामला संज्ञान में आया है। शिकायत में जो भी तथ्य सामने आए हैं, उन सभी बिंदुओं की जांच कमेटी गठित कर कराई जाएगी। जांच में गड़बड़ी मिलने पर संबंधितों पर कार्रवाई की जाएगी।
-सीमा त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी