शहर के डीसी रोड पर कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांच के लिए गठित कमेटी ने बृहस्पतिवार को जांच की, जिसमें व्यवहारिक और तकनीकी कमियां पाई गईं। टीम ने अग्रिम आदेशों तक निर्माण कार्य बंद करा दिया है, जिसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी गई है।
बता दें कि करीब एक किमी लंबाई में कराए जा रहे सड़क निर्माण में कमियां पाई गई थीं, जिस पर संज्ञान लेते हुए प्रभारी डीएम/सीडीओ नितीश कुमार ने जांच टीम गठित कर रिपोर्ट तलब की थी। जांच टीम में शामिल एसडीएम सदर राकेश पटेल, पीडब्ल्यूडी तृतीय के ईई इरफान खां और जेई अस्थाना शामिल थे। जांच टीम ने पाया कि सीतापुर जिले से हाटमिक्स मंगाया जा रहा था, जो यहां पहुंचने तक ठंडा हो जाता था। इससे गुणवत्ता खराब हो रही थी। वहीं तकनीकी खामियां भी मिली हैं। एसडीएम सदर राकेश पटेल ने बताया कि जांच रिपोर्ट शुक्रवार को डीएम के पास भेज दी जाएगी। फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है।