बेलरायां। फॉरेस्ट कॉलोनी स्थित शिवमंदिर में बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिवलिंग की स्थापना की गई। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने भव्य शोभायात्रा निकाली।
यहां यजमान अमित कुमार अग्रवाल और उनकी पत्नी साधना अग्रवाल ने शिवलिंग का उबटन कर गंगा जल से स्नान करवाया। मंदिर के पुजारी प. बीरेंद्र कुमार दीक्षित और अखिलेश कुमार शुक्ल ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चना कराया। बाद में भक्तों ने भक्त शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा बेलरायां के प्राचीन श्रीभृत्यहरिनाथ शिवमंदिर, रेलवे मार्ग शिवमंदिर, क्लेशहरण सहित पांच मंदिरों के मार्गों पर निकाली।
बाद में मंदिर में वापस आकर शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। हवन-पूजन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर ग्राम पंचायत भिडोरी के प्रधान प्रतिनिधि ध्रुव वर्मा, अमित अग्रवाल, रमाशंकर पांडे, रजनीश राजपूत, संतोष तोमर, देशराज वर्मा और रेंज बेलरायां के रेंजर भूपेंद्र सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।