जिला और शहर कांग्रेस कमेटी ने पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को गुजरात में काले झंडे दिखाने और कार पर पथराव की घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। उधर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राघवेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार पूरी तरह निरंकुश होकर विपक्ष को खत्म कर देना चाहती है। शहर अध्यक्ष संजय गोस्वामी ने कहा कि विपक्ष के नेता पर हमला देश की अभिव्यक्ति की आजादी और देश की अखंडता पर हमला है। यह विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास है। इस मौके पर पंकज शुक्ला, रामपाल शाक्य, हफीज खां, केके दीक्षित, विभु अवस्थी, राजेश गुप्ता, सरोजनी अवस्थी, जगदंबा मिश्रा, ममता, अजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे। उधर युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशांक शर्मा के नेतृत्व में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट गेट पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। इस मौके पर प्रदेश सचिव/ जिला प्रभारी नकुल सक्सेना, संदीप पांडेय, वसीम अहमद, रियाज खान, हरगोविंद वर्मा, मुकेश सक्सेना, शिवम वर्मा आदि मौजूद रहे।