बेमौसम बारिश, आंधी और ओले गिरने से फसलों को हुए नुकसान के सर्वे का काम पूरा हो गया है। जिले के कुल प्रभावित 96227 किसानों को 40 करोड़ 87 लाख रुपये का मुआवजे का आंकलन किया गया है। यहां कुल 54382.261 हेक्टेयर क्षेत्रफल आपदा से प्रभावित हुआ है। इसमें 30640.86 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 33 फीसदी से अधिक नुकसान का आंकलन किया गया है।
एडीएम हरिकेश चौरसिया ने बताया कि जिले के 1797 राजस्व ग्रामों के सर्वे में पाया गया कि बेमौसम बारिश और ओले गिरने से 1766 गांवों के 96227 किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा धौरहरा तहसील में 15587 हेक्टेयर क्षेत्रफल में लगी फसल चौपट हुई है। प्रभावित किसानों को मुआवजा देने के लिए जिला प्रशासन को ढाई करोड़ रुपया मिल गया है यह धनराशि प्रभावित किसानों में वितरित की जाएगी।
एडीएम खीरी हरिकेश चौरसिया ने बताया कि बारिश और ओले गिरने से फसलों को हुए नुकसान के सर्वे का काम पूरा हो गया है। सर्वे रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। मुआवजा राशि आते ही प्रभावित किसानों में वितरित की जाएगी। फिलहाल पहले चरण में ढाई करोड़ की धनराशि मिल चुकी है।