पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला ने पीएम पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला ने यहां पार्टी प्रत्याशी संजय शर्मा के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सूबे में गठबंधन सरकार बनने पर मोहम्मदी को जिले का दर्जा दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने अखिलेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए केंद्र के नोटबंदी के फैसले को जमकर कोसा। जनसभा में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर का आगमन ऐन मौके पर रद्द हो जाने से लोग मायूस नजर आए।
जनसभा को कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जुबैर खां ने भी संबोधित किया। इस मौके पर गठबंधन के नेता पूर्व सांसद इलियास आजमी, प्रत्याशी संजय शर्मा, राघवेंद्र सिंह, कार्तिक तिवारी, मायाप्रकाश शुक्ल, बेचेलाल श्रीवास्तव, ब्रजेश पांडे, इकबाल खां, रवि प्रताप सिंह, रामप्रकाश मिश्र, महिला सपा नेत्री शाजिया आदि नेता मौजूद रहे। कुकरा के मेला मैदान पर राजीव शुक्ला ने कांग्रेस-सपा गठबंधन के प्रत्याशी सैफ अली नकवी के समर्थन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोट बंदी के जरिए खजाने को बेच दिया है। वह देश को चाय की पत्ती में बेचना चाहते हैं, ऐसे लोगों से होशियार रहना है। बसपा पर तीखे हमले करते हुए बोले, बसपा पत्थरों पर सरकारी धन खर्च करती आई है। पूर्व सांसद जफर अली नकवी ने कहा कि यूपी में गठबंधन की सरकार बनती है तो प्रदेश में विकास होगा। सभा को प्रहलाद पटेल, प्रेम वर्मा, अनीता यादव, नरेश यादव, श्रवण शुक्ला ने भी संबोधित किया।