फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएमएस छुट्टी पर, इंचार्ज भी नदारद

Sat, 21 Feb 2015 07:21 PM IST
लखीमपुर खीरी।
विज्ञापन
विज्ञापन
डीएम की सख्ती के बाद स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रशासनिक तंत्र सतर्क हो गया है। शनिवार को एडीएम हरिकेश चौरसिया ने जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार का जायजा लिया। वहीं बांकेगंज और गोला क्षेत्र के अस्पतालों का निरीक्षण एसडीएम विनोद गुप्ता ने किया। जिला महिला अस्पताल में मरीजों को भोजन देने के लिए परिसर में बनाए गए किचेन की खराब स्थिति को देखकर एडीएम ने नाराजगी जताई और ठेकेदार को विगत माह में किए गए भुगतान की जांच के निर्देश देते हुए ब्यौरा तलब किया।
विज्ञापन

बता दें कि डीएम किंजल सिंह ने दो दिन पहले जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी भी उल्लेखनीय सुधार नहीं हो पाया है। एडीएम के निरीक्षण में कई डॉक्टर मौजूद नहीं मिले। सीएमएस के बारे में बताया गया कि वह अवकाश पर हैं। जबकि उनके स्थान पर इंचार्ज डॉ. खरे भी नदारद मिले। हालांकि कुछ देर बाद वह अस्पताल पहुंचे। भोजन की गुणवत्ता और साफ सफाई में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही दीवार पर भोजन के मीनू और मात्रा को अंकित कराने के निर्देश दिए। एडीएम ने उपस्थिति रजिस्टर को चेक किया। परिसर में बाइक स्टैंड को देखा और पुलिस की छह गाड़ियां खड़ी होने पर पूछताछ की। ठेकेदार के न मिलने पर एडीएम ने पुलिस विभाग के आरआई को बुलाकर बाइक हटवाने के निर्देश दिए। प्रसवोत्तर केंद्र और आपरेशन थियेटर के बीच खाली पड़ी जगह पर कूड़े के ढ़ेर न हटने पर एडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने ईओ मृत्युजंय यादव को जेसीबी से कूड़ा हटवाने के निर्देश दिए।
गोला गोकर्णनाथ। एसडीएम विनोद गुप्ता ने सीएचसी का निरीक्षण किया। प्रभारी डॉ डीके सिंह के कार्यालय का ताला बंद मिला। नल, वाटर कूलर, पानी फिल्टर मशीन, टीवी खराब पाई गई, जबकि कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। परिसर में व्याप्त गंदगी देखकर एसडीएम ने नाराजगी जताई।
विज्ञापन

एसडीएम ने प्रभारी चिकित्सक को एक सप्ताह के अंदर अस्पताल की व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने वार्ड के बारे में पूूछा, तो डॉक्टर ने चार की जगह दो ही बताए। मरीजों ने शिकायत की कि प्रभारी कभी कभार ही आते हैं और वह यहां रुकते भी नहीं हैं। वीरेंद्र नगर कॉलोनी निवासी सादिक की पत्नी समीमुननिशा और दिलशाद की पत्नी रबीना ने बताया कि उन्हें बंदर ने काट लिया था। वह एक घंटे से प्रभारी के इंतजार में बैठी हैं। प्रभारी ने बताया कि अस्पताल के रखरखाव और जेनरेटर के डीजल के लिए धन सरकार से नहीं मिलता है। नसबंदी आपरेशन के दिन वह अपने पास से जेनरेटर में डीजल डलवाते हैं। एसडीएम पीएचसी पहुंचे तो वहां की सफाई, पेयजल व्यवस्था आदि को देखकर सराहना की। एसडीएम ने बताया कि सीएचसी में अव्यवस्थाओं का अंबार है। प्रभारी की लापरवाही उजागर हुई है। निरीक्षण में मिली खामियों की रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।
बांकेगंज। डीएम के निर्देश पर एसडीएम गोला विनोद गुप्ता ने बांकेगंज सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधीक्षक और डॉ. राकेश बहादुर अनुपस्थित मिले। साथ ही परिसर में गंदगी मिली, जिसे देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उपस्थित पंजिका के मुआयने में कई कर्मचारी गैरहाजिर मिले। अधीक्षक डॉ. गौरव खन्ना स्वयं ड्यूटी से गायब मिले। उन्होंने वहां मौजूद डॉ. सामंतराव सामी और संविदा डॉक्टर सुनील वर्मा से स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जानने के बाद परिसर में फैली गंदगी पर गुस्सा जताया। जननी सुरक्षा योजना का भी हाल-बेहाल मिला। प्रसव गृह में गंदगी देख उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। सीएचसी में प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को दिए जाने वाले भोजन का रजिस्टर मांगने पर नर्स नहीं दिखा पाई। निरीक्षण के दौरान वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों ने सीएचसी में डॉक्टरों और दवाइयों के नहीं मिलने की जमकर शिकायत की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें