फरधान। जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने रविवार रात करीब एक बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरधान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधीक्षक डॉ. अमित वाजपेई समेत समस्त स्टाफ ड्यूटी पर तैनात मिला।
सीएमओ के पहुंचने पर अधीक्षक डॉ. अमित वाजपेई, फार्मासिस्ट यशपाल, स्टाफ नर्स जूली वर्मा, वार्ड ब्वॉय आशू मिश्र और स्वीपर दिनेशचंद मौजूद पाए गए। सूचना मिलने पर अन्य कर्मचारी भी अस्पताल पहुंच गए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों और कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही डिस्प्ले बोर्ड बनवाकर प्रतिदिन संबंधित चिकित्साधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी अंकित करने को कहा।
प्रसव कक्ष में तीन महिलाएं भर्ती मिलीं। डिलीवरी रूम में सकेथू गांव की मीना देवी, बिलोचापुर की गुड़िया देवी और आदमपुर की लवी तिवारी से मिलकर सीएमओ ने उनका हालचाल जाना और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
अस्पताल में पानी, बिजली, फायर सेफ्टी, शौचालय, साफ-सफाई तथा मरीजों के लिए स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। सीएमओ ने कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सेवाओं में निरंतर सुधार पर जोर दिया।