बाढ़ग्रस्त किसानों ने जताया आभार
पलिया व बिजुआ ब्लॉक के कई ऐसे किसान जो बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में रहते हैं और हर साल आने वाली बाढ़ से गांवों में नुकसान होता है। उन किसानों ने भी मंच पर पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की और चैनलाइजेशन के कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।
पलिया को मिलेगी बाढ़ से मुक्ति
पलियाकलां में शारदा नदी में सिल्ट की वजह से हर साल बाढ़ और कटान की मार क्षेत्रवासी झेलते हें। इसी को लेकर पिछले दिनों शारदा नदी के ड्रेजिंग और चैनलाइजेशन के कार्य को शासन ने मंजूरी दी थी। यहां कुल 22 करोड़ रुपये की लागत से चैनलाइजेशन कार्य हो रहा है। पलिया शारदा पुल से सात किमी तक नदी में ड्रेजिंग का कार्य कराया जा रहा है। बीती तीन अप्रैल को जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पलिया पहुंचकर ड्रेजिंग के कार्य का शुभारंभ कराया था। चैनलाइजेशन कार्य के बाद इलाके को बाढ़ से मुक्ति मिलेगी।