मौसम विभाग के पूर्वानुमान लगातार हो रहे फेल, आज भी जताई गई है बारिश की संभावना
लखीमपुर खीरी। शुक्रवार को सुबह से काले बादलों की आवाजाही लगी रही, लेकिन शाम तक बारिश नहीं हुई। उमस भरी गर्मी से लोग परेशान दिखे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान भी बादलों की तरह हवाई साबित हो रहे हैैं। हालांकि आज भी बारिश की संभावना जताई गई है।
जनपद में बारिश न होने से सूखे जैसे हालात बन गए हैं। इससे सबसे ज्यादा किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि कुुछ दिन और बारिश न होने पर धान के उत्पादन पर विपरीत असर पड़ने की पूरी संभावना जताई जा रही है। मौसम के बदले रुख को कृषि विशेषज्ञ और मौसम विज्ञानी भी नहीं भांप पा रहे हैं, क्योंकि इस महीने में अब तक पूर्वानुमान गलत साबित हुए हैैं।
राहत की खबर यह है कि मौसम विभाग ने एक बार फिर शनिवार को 80 प्रतिशत बारिश होने की संभावना जताई है। इसके बाद रविवार को 100 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के निदेेशक जेेपी गुप्ता ने बताया कि मानसून सक्रिय हो चुका है। शुक्रवार की रात से शनिवार तक विभिन्न हिस्सों में बारिश जरूर होगी। पूरे सप्ताह भर मानसून सक्रिय रहेगा।