लखीमपुर खीरी। होलिका से लकड़ी हटाने और पानी डालने को लेकर ग्राम किशुनपुर अजीत में विवाद हो गया। पुलिस कर्मियों और ग्रामीणों में रातभर पंचायत के बाद ग्रामीणों ने होली मनाई।
किशनपुर अजीत में होलिका स्थल के चारों ओर कई लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। इससे वहां आने-जाने के लिए जगह कम हो गई थी। रविवार की रात होलिका पर अधिक लकड़ी ग्रामीणों ने डाल दी थी। इससे एक अतिक्रमणकारी ने होलिका से कुछ लकड़ी हटा दीं और भीगी गन्ना की पत्तियां और लकड़ियों पर पानी डाल दिया। आरोप है कि कुछ पुलिस कर्मियों ने भी अतिक्रमणकारियों का ही सहयोग किया। इससे ग्रामीण नाराज हो गए। बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने ग्रामीणों को हटाने के लिए लाठियां फटकारीं। कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने होलिका में आखत डालने से मना कर दिया।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दीपक राठौर दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने की प्रयास किया। तमाम प्रयासों के बाद ग्रामीण होली मनाने को राजी हुए। पूरा घटनाक्रम रात दस बजे से सुबह चार बजे तक चला। थाना प्रभारी दीपक राठौर ने बताया कि कोई मारपीट नहीं हुई थी, समझाने पर दोनों पक्ष मान गए। अब कोई विवाद नहीं है।
दो पक्षाें में विवाद, मुकदमा दर्ज
उचौलिया। गांव मोहनपुर ग्रंट नई बस्ती में दो पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट होने पर दोनों ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना क्षेत्र में गांव सहिजना निवासी पीयूष अवस्थी ने मुकदमा दर्ज कराया है कि रविवार शाम छह बजे वह अपने गांव से उचौलिया आ रहा था। रास्ते में मोहनपुर ग्रंट नई बस्ती निवासी सर्वजीत, सुखविंदर और नेता ने उसे रोककर मारपीट की, इससे वह चोटिल हो गया। दूसरे पक्ष से सुखविंदर ने मुकदमा दर्ज कराया है कि सहिजना निवासी पीयूष, रिंकू, मनोज और एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर के दरवाजे पर आकर गाली-गलौज की। विरोध करने पर मारपीट की, बचाने आये परिजन को भी मारा पीटा और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। संवाद
चार लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट
मोहम्मदी। क्षेत्र के एक गांव में रंग लगाने को लेकर हुए मारपीट के मामले चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। क्षेत्र के गांव कौड़ेली निवासी गुड्डी पत्नी महफूज शाह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 25 मार्च को शाम छह बजे के करीब पीड़िता अपने घर के अंदर पुत्री के साथ थी, तभी गांव मेवाराम, राजकुमार, नन्हे, गुड्डू हाथों में लाठी-डंडा और गुलाल लेकर घर के अंदर घुस गए। पीड़िता के ऊपर गुलाल लगाने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़िता और उसके पति महफूज शाह के साथ गाली गलौज कर लाठी डंडों से मारना पीटना शुरू कर दिया। चिल्लाने पर आस-पास के लोगों को आता देखकर कर जान से मार डालने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने मेबाराम, राजकुमार नन्हे गुड्डू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद
रंजिश के चलते चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मोहम्मदी। कोतवाली क्षेत्र के गांव मियांपुर में पुरानी रंजिश के चलते मारपीट के मामले में एक व्यक्ति ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। क्षेत्र के गांव मियांपुर कॉलोनी निवासी मुकेश सरकार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 25 मार्च को दोपहर तीन बजे के समय अपनी दुकान के सामने खड़े होकर बुआ से बात कर रहा था। चुनावी रंजिश के चलते हुए गांव के सानन्द दास, आनन्द दास, प्रहलाद दास, पवित्र दास ने पीछे से डंडे से सिर पर वार कर दिया, इससे वह जख्मी हो गया। विरोध करने गाली गलौज करते हुए जान से मार डालने की धमकी देते हुए भाग गये। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद