सिकंदराबाद/बेहजम। कस्बे में सोमवार को होली के सुरूर में युवक डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे कि तभी डीजे के ऊपर बैठे एक युवक का हाथ हाईटेंशन लाइन से छू गया। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं चार अन्य को झटके लगे। पुलिस ने झुलसे युवकों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
बेहजम चौकी क्षेत्र के गांव बहादुरपुर से डीजे बजाते हुए कुछ लोग ग्राम अल्हवापुर आए थे। वापसी में डीजे पर बैठकर डांस कर रहे गौरव (14) निवासी ग्राम अल्हवापुर और सागर निवासी ग्राम राजेपुर मितौली का हाथ हाइटेंशन लाइन से छू गया। करंट उतरने से राहुल, सचिन, गौरव, रितेश निवासी ग्राम बहादुरपुर भी चपेट में आ गए। गांव में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलने के बाद बेहजम चौकी प्रभारी प्रभात गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर घायल सागर और गौरव सहित अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया। चौकी प्रभारी बेहजम ने बताया कि सागर और गौरव का सरकारी अस्पताल में देर शाम तक इलाज चल रहा था। हालत सामान्य है इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।