लखीमपुर खीरी। जिले में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए करोड़ों रुपये से रिवैंप योजना के तहत काम कराया गया, लेकिन शनिवार रात आई आंधी-बारिश ने 97 फीसदी काम के दावों की पोल खोलकर रख दी। पेड़ गिरने से तार टूटने और मेन लाइन में फॉल्ट आने से कई क्षेत्रों में रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मैलानी, उचौलिया, अमीरनगर समेत कई इलाकों में पूरी रात बिजली गुल रही। शहर के देवकली रोड स्थित सुभाष नगर में चार नंबर फीडर से जुड़े उपभोक्ता आठ घंटे से अधिक कटौती से जूझते रहे। सुआगाड़ा और हिदायत नगर सहित कई मोहल्लों में फॉल्ट के चलते बिजली नहीं आई। देर रात कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग कर फॉल्ट दुरुस्त किया, तब जाकर आपूर्ति बहाल हो सकी।
अमीरनगर के उपकेंद्र रेहरिया से जुड़े देवरिया समेत कई गांवों में रातभर बिजली बाधित रही। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन कुछ क्षेत्रों में शाम तक भी सप्लाई सुचारु नहीं हो सकी। उचौलिया और जेबीगंज क्षेत्र में भी पूरी रात बिजली ठप रही, जिससे सुनौवा और बरखेरा फीडर के उपभोक्ता परेशान रहे। संसारपुर क्षेत्र के दर्जनों गांव अंधेरे में डूबे रहे और बार-बार बिजली आने-जाने से लोगों में आक्रोश देखने को मिला।
बांकेगंज में मुख्य लाइन पर पेड़ गिरने से पूरी रात बिजली गुल रही। मैलानी में गोला से आने वाली 33 केवी मेन लाइन में फॉल्ट आ गया। नौव्वाखेड़ा के पास लाइन पर पेड़ गिरा मिला, जिसे हटाने के बाद रविवार सुबह करीब नौ बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।
हल्की बारिश में तालाब बना चुरईपुरवा चौराहा
लखीमपुर। फत्तेपुर के चुरईपुरवा चौराहा हल्की बारिश में ही जलभराव से तालाब बन गया। फत्तेपुर-जगदीशपुर मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। यहां लगने वाले साप्ताहिक बाजार के दौरान लोगों को और अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। संवाद
-
आंधी में चलती कार पर गिरा पेड़, तीन घायल
निघासन। निघासन-रकेहटी मार्ग पर रविवार को तेज आंधी के दौरान चलती कार पर पेड़ गिर गया। इससे कार गन्ना लदी ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में मोहम्मद हदी, शरीफ बानो और हमना आरिफ घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। संवाद
आज बाधित रहेगी विद्युत आपूर्ति
मोहम्मदी। सोमवार को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक 33/11 केवी उपकेंद्र मोहम्मदी पर वीसीबी रिप्लेसमेंट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। एसडीओ शुभम मौर्य ने उपभोक्ताओं से आवश्यक तैयारी करने की अपील की है। संवाद
-
फसल नुकसान के आकलन के लिए उतरी टीमें
लखीमपुर खीरी। आंधी-पानी के बाद फसलों के नुकसान का आकलन करने के लिए प्रशासनिक टीमें सक्रिय हो गई हैं। गोला, पलिया, लखीमपुर, मितौली, धौरहरा, मोहम्मदी और निघासन क्षेत्रों में अधिकारियों ने खेतों का निरीक्षण कर किसानों से बातचीत की। जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि औसतन 3.65 एमएम बारिश हुई है, जिससे नुकसान कम होने की संभावना है। संवाद
-
ओलावृष्टि से फसलों को हुआ नुकसान
मोहम्मदी। आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से कई गांवों में गेहूं की फसल प्रभावित हुई। गरवापुर, पालचक, गुलोली, शंकरपुर, रायपुर परछिया, बबौरी और धर्मपुर आदि गांवों में नुकसान की सूचना है। तेज हवा से टिनशेड भी उड़ गए। संवाद
-
आंधी-पानी की वजह से कई जगह पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए हैं, जिससे आपूर्ति बाधित हुई। कर्मचारियों को भेजकर फॉल्ट दुरुस्त कराया गया। रिवैंप योजना के तहत जिले में अभी तीन प्रतिशत काम बाकी है। -ब्रह्म पाल, अधीक्षण अभियंता
बांकेगंज मे ट्रांसफॉर्मर ठीक करते कर्मी। स्त्रोत- बिजली विभाग।
बांकेगंज मे ट्रांसफॉर्मर ठीक करते कर्मी। स्त्रोत- बिजली विभाग।