धौरहरा। धौरहरा रेंज के घोसियाना धूसा खुर्द गांव में भैंस चराने गए एक किशोर को मगरमच्छ के नाले में खींच ले जाने की घटना के पांचवें दिन बाद उसका शव नाले में उतराता मिला। वन विभाग सर्च अभियान चलाकर किशोर की कई दिनों से तलाश कर रहा था।
धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के घोसियाना धूसा खुर्द निवासी रहीश अली का 13 वर्षीय पुत्र दिशान मंगलवार की शाम को गांव के किनारे नाले के पास भैंस चराने गया था। इसी दौरान नाले में मौजूद मगरमच्छ ने किशोर की मां के सामने ही उसपर हमला कर दिया और उसे नाले में खींच ले गया, दिशान के चीखने-चिल्लाने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीण उसे बचा नही पाए थे। वन विभाग की टीम ने मोटरबोट से नाले में सर्च अभियान चलाकर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। घटना के पांचवें दिन शनिवार की सुबह दिशान का शव नाले में उतराता दिखा तो ग्रामीणों ने सूचना वन विभाग और पुलिस को दी। सूचना पर मौके पर पहुंची धौरहरा पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संवाद