लखीमपुर खीरी। मोहम्मदी नगर पालिका के सीमा विस्तार के कारण ग्राम पंचायत भानपुर बनवारी का पूर्ण रूप से नगर पालिका में विलय हो गया है, जबकि ग्राम पंचायत इस्लामाबाद, गरवा खुर्द की आंशिक आबादी समाहित हुई है। इससे मोहम्मदी क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों का पुन: निर्धारण करने के बाद अंतिम सूची जारी कर दी गई है, जिसमें क्षेत्र पंचायत का एक वार्ड कम हुआ है।
नगर पालिका मोहम्मदी के सीमा विस्तार की प्रक्रिया दिसंबर 2020 में शुरू हुई थी, जिसमें ग्राम पंचायत भानपुर बनवारी को पूर्ण रूप से शामिल करने का प्रस्ताव था। इसके नगर पालिका में समाहित हो जाने से जनपद की कुल ग्राम पंचायतों की संख्या 1166 से घटकर 1165 रह गई है। जबकि ग्राम पंचायत इस्लामाबाद और गरवा खुर्द के कुछ मजरे ही नगर पालिका में शामिल किए गए हैं। जिला पंचायत राज विभाग ने परिसीमन की प्रक्रिया करने के बाद जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों का पुन: निर्धारण किया, जिसमें लोगों की आपत्तियां भी ली गईं। डीपीआरओ सौम्य शील सिंह ने बताया कि तीन आपत्तिर्यां आइं थीं, जिनका निस्तारण कराने के बाद जिला पंचायत के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के आंशिक संशोधन के बाद अंतिम सूची जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मोहम्मदी क्षेत्र पंचायत का एक वार्ड कम हुआ है, जिससे वार्डों की कुल संख्या 115 रह गई है। जिला पंचायत के वार्डों की संख्या पूर्व निर्धारित 72 ही रही है। इससे पहले नवसृजित निघासन नगर पंचायत के चलते इस ब्लॉक के 13 वार्ड कम हुए थे, जिससे निघासन क्षेत्र पंचायत के कुल वार्डों की संख्या 160 से घटकर 147 रह गई है। संवाद