डीआईओएस कार्यालय में नीम के पेड़ के नीचे शौचालय के लिए खोदा जा रहा गड्ढा। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। बुधवार को पदभार ग्रहण करते ही नए डीआईओएस ने ऑफिस से जुड़ा शौचालय बनाने का आदेश कर दिया, जिसके बाद दफ्तर के बाहर की ओर नीम के पेड़ के नीचे गड्ढा बनाया जाने लगा। नीम के पेड़ के नीचे शौचालय टैंक बनने की सूचना पर विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और विरोध जताया। इस पर गड्ढे को पटवा दिया गया।
डीआईओएस ओम प्रकाश त्रिपाठी ने बुधवार को चार्ज लिया। मगर, कार्यालय से दूर शौचालय उनके मन को रास नहीं आया। इस पर अटैच शौचालय बनने का आदेश दिया। साहब के आदेश पर गुरुवार सुबह ऑफिस से बाहर की ओर नीम के पेड़ के नीचे गड्ढा खोदवाया जाने लगा। आस्था से जुड़े नीम के पेड़ के नीचे टैंक बनने की सूचना पर पहुंचे विहिप और बजरंग दल के लोगो ने विरोध कर काम रुकवा दिया।
.
औषधीय गुण से भरपूर नीम का पेड़ से लोगो की आस्था से जुड़ा है। ऐसे में इसके नीचे शौचालय का टैंक बनाया जाना गलत है।
-आचार्य संजय मिश्रा प्रांत प्रवक्ता विश्व हिंदू परिषद
.
डीआईओएस ऑफिस में नीम पेड़ के नीचे टॉयलेट टैंक बनने की सूचना मिली थी। नीम के पेड़ का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। फिलहाल टैंक का काम बंद करा दिया गया है।
-अनुज तिवारी, विभाग संयोजक बजरंग दल
ऑफिस से सटा वॉशरूम बनना है। इसके लिए मजदूरों ने नीम के पेड़ के नीचे गड्ढा खोद दिया था, जो गलत है। उसे पटवा दिया है। दूसरी जगह चिह्नित कर बनवाया जाएगा।
-ओपी त्रिपाठी, डीआईओएस