लखीमपुर के कृषक समाज इंटर कॉलेज में हुई सड़क सुरक्षा पर प्रतियोगिता में विजेता बच्चे। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। यातायात नियमों का पालन करने से हम स्वयं तो सुरक्षित रहेंगे ही और परिवार भी सुरक्षित रहेगा। इसके साथ ही सड़क पर आवागमन करने वाले अन्य व्यक्ति भी सुरक्षित होंगे। नियमों का पालन नहीं करने से जान जोखिम में पड़ सकती है। जान है तो जहान है। यह बात गुरुवार को कृषक समाज इंटर कॉलेज फत्तेपुर में सड़क सुरक्षा निबंध प्रतियोगिता के दौरान मुख्य अतिथि पूर्व विधायक/कॉलेज प्रबंधक उत्कर्ष वर्मा मधुर ने कही। वहीं निबंध प्रतियोगिता में छात्र अभिषेक अव्वल रहे।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सहयोग से महिला सेवा समिति द्वारा कृषक समाज इंटर कॉलेज फत्तेपुर में निबंध प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें इंटरमीडिएट कक्षाओं के 35 छात्रों व 43 छात्राओं ने भाग लिया। इसमें छात्र अभिषेक वर्मा ने प्रथम, विशाल मौर्य ने द्वितीय और छात्रा शीतल कश्यप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक उत्कर्ष वर्मा ने मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। संस्था अध्यक्ष आशुतोष त्रिवेदी ने बताया कि पूरे देश में हर साल करीब पांच लाख सड़क हादसे यातायात नियमों की अनदेखी के कारण हो जाते हैं, जिसमें से करीब डेढ़ लाख लोगों को अपनी जिंदगी गंवानी पड़ती है। जो कि चिंता का विषय है। मास्टर ट्रेनर अशोक सक्सेना ने विभिन्न प्रकार के सड़क संकेत और चिन्हों की जानकारी देते हुए लर्निंग व ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया बताई। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करें और हेलमेट जरूर लगाएं। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य चंद्रभाल वर्मा, उपप्रधानाचार्य संजय वर्मा, प्रवक्ता अरविंद कुमार वर्मा, राजेंद्र प्रसाद, अनीता वर्मा, विमल कुमार वर्मा, अंबरीष कुमार वर्मा मौजूद रहे। संवाद