लखीमपुर खीरी। सदर ब्लॉक के गांव कालाआम में एनआरएलएम के तहत गठित विश्वास प्रेरणा स्वयं सहायता समूह को उचित दर राशन दुकान (कोटा) के संचालन की जिम्मेदारी मिली है। इससे अब ग्रामीणों को राशन लेने के लिए पांच किमी दूर गूमचीनी नहीं जाना पड़ेगा। गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने उचित दर राशन दुकान का शुभारंभ किया। समूह की सदस्य एवं दुकान की संचालक अर्चना वर्मा ने बताया कि गांव में कई सालों से राशन की दुकान नहीं थीं, जिससे गांव के लोगों को पांच किमी राशन लेने जाना पड़ता था।
विश्वास प्रेरणा स्वयं सहायता समूह का गठन 20 फरवरी 2020 को हुआ था, जिसमें अध्यक्ष सोनू, सचिव क्षमा सहित 15 सदस्य शामिल हैं। समूह की महिलाएं अन्नपूरक पुष्टाहार योजना के तहत आंगनबाड़ी लाभार्थियों को अनाज बांट रही थीं। अब राशन की दुकान संचालित करने की जिम्मेदारी मिलने से समूह की सदस्य काफी हैं। हालांकि दुकान का चयन करने के लिए अधिकारियों की मौजूदगी में चुनाव कराया गया था। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख कल्पना वर्मा, सुधीर वर्मा, विनीत बंसवार उर्फ डिंपल, श्रीकृष्ण वर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद