लखीमपुर खीरी। मितौली ब्लॉक की ग्राम पंचायत संडिलवा में खलिहान की जमीन पर निजी बरात घर बनाने सहित विभिन्न गंभीर आरोपों में प्रधान की गर्दन फंस गई है। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने प्रधान रामकुमार को नोटिस देकर 15 दिन में साक्ष्यों सहित जवाब मांगा है। जवाब संतोषजनक न होने पर प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारों को प्रतिबंधित करने की चेतावनी दी है।
ग्राम पंचायत संडिलवा के गांव सिंहपुर निवासी अनिल कुमार सिंह, विवेक सिंह, सुरेश पाल, जगमोहन ने 10 जून 2020 को डीएम से प्रधान के खिलाफ शिकायत की थी। इसके बाद डीएम ने सहायक निदेशक मत्स्य से जांच कराई, जिसकी आख्या प्रस्तुत करते हुए अधिकारी ने बताया है कि ग्राम सभा की बैठकों से पूर्व लोगों को सूचना देने के लिए प्रचार प्रसार नहीं कराया जा रहा है। जबकि बैठक की सूचना बैठक की तिथि से कम से कम पांच दिन पहले लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर सूचना चस्पा करके या ढोल पीटकर दी जानी चाहिए। पंचायत सदस्यों को भी सूचना नहीं दी जा रही हैै। दूसरा आरोप है कि प्रधान ने खलिहान की जमीन पर निजी बरात घर का निर्माण कराया है। तीसरा आरोप है कि शौचालय के लाभार्थियों के खातों से धनराशि निकलवाकर प्रधान ने स्वयं ले ली और फिर घटिया सामग्री से शौचालयों का निर्माण कराया। चौथा आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास के दो लाभार्थियों को दूसरी बार आवास का लाभ देकर शासकीय धनराशि का दुरुपयोग किया गया है। पांचवां आरोप है कि मजदूरों के जॉब कार्ड प्रधान ने अपने पास जमा कर रखे हैं। डीएम ने बताया है कि प्रधान से 15 दिन के अंदर साक्ष्य सहित जवाब मांगा है। जवाब संतोषजनक न होने पर प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार प्रतिबंधित कर दिए जाएंगे। संवाद