लखीमपुर खीरी। मितौली ब्लॉक की ग्राम पंचायत ढकिया कुस्तौल में 641 शौचालय बनाने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन 273 शौचालयों का निर्माण नहीं कराया गया है। लाभार्थियों के खातों में पैसा नहीं भेजा जा रहा है और शौचालयों के निर्माण में पीली ईंट का प्रयोग किए जाने का आरोप ग्राम प्रधान पर है। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने प्रधान अतुल कुमार चौधरी को अंतिम नोटिस जारी करते हुए 15 दिन के अंदर शौचालयों पूर्ण कराकर रिपोर्ट मांगी है।
पंचायती राज विभाग की निदेशक किंजल सिंह ने 19 मई 2020 को ग्राम पंचायत ढकिया कुस्तौल का स्थलीय निरीक्षण किया था। निदेशक ने जांच में कई खामियां पकड़ी थीं, जिसमें स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत शौचालयों के निर्माण की धनराशि लाभार्थियों को न देकर प्रधान और सचिव ने स्वयं पीली ईंट से कई शौचालयों का निर्माण करा दिया। ग्राम पंचायत में कुल 641 शौचालय बनाने का लक्ष्य है, जिसके सापेक्ष 378 शौचालय बने हैं। जबकि 273 शौचालयों का निर्माण होना शेष है। निदेशक की रिपोर्ट पर डीएम ने 28 मई 2020 को प्रधान अतुल कुमार चौधरी को नोटिस जारी करके जवाब मांगा, जिस पर प्रधान ने नौ जून 2020 को जवाब देते हुए बताया कि शेष लक्ष्य 260 के सापेक्ष 200 लाभार्थियों के खाते में प्रथम किश्त की धनराशि और 40 लाभार्थियों के खाते में दोनों किश्तों की धनराशि हस्तांतरित कर दी गई है। साथ ही प्रधान ने बताया था कि 40 शौचालय पूर्ण, 40 निर्माणाधीन और 80 शौचालय अनारंभ है। करीब दो माह बीतने के बावजूद प्रधान के जवाब के उलट ही स्थिति बनी हुई है। चार सितंबर 2019 की वेबसाइट रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने प्रधान को पंचायत राज अधिनियम 1947 के तहत नोटिस देते हुए कहा है कि 273 शौचालयों का निर्माण नहीं कराया गया है। भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजना के क्रियान्वयन में प्रधान रुचि नहीं ले रहे हैं। लिहाजा अंतिम अवसर देते हुए अपेक्षा की जाती है कि 15 दिन में मानक के अनुसार शेष शौचालयों का निर्माण पूर्ण कराकर संबंधित वेबसाइट पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें। अन्यथा प्रधान पद के कर्तव्यों के पालन में निरंतर लापरवाही करने एवं शासकीय धन के दुरुपयोग करने के आरोप में प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार प्रतिबंधित कर दिए जाएंगे और प्रधान/सदस्यों को हटाया जाना जांच नियमावली 1997 के तहत विस्तृत/अंतिम जांच कराई जाएगी।