पलिया के इमलिया फार्म रोड पर भरा बाढ़ का पानी।
- फोटो : LAKHIMPUR
पलियाकलां। शारदा नदी का जलस्तर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। रविवार को नदी खतरे के निशान से आठ सेमी ऊपर बह रही है। इमलिया फार्म जाने वाले रास्ते पर अभी भी बाढ़ का पानी बह रहा है। जंगल नंबर सात, बरूआ कलां व टेढ़ी फार्म में नदी तेजी से कटान कर रही है।
कई दिनों से नदी के जलस्तर में उतार चढ़ाव देखा जा रहा है। रविवार को शारदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान 154.100 सेमी से मात्र आठ सेमी ऊपर 154.180 सेमी पर बह रहा था। कम होती नदी ने कटान तेज कर दिया है। इमलिया फार्म जाने वाले रास्ते पर दो से तीन फुट तक पानी भरा है। लोग ट्रैक्टर व ऊंचे वाहनों से पलिया के मझौरा गांव तक आकर पलिया की ओर आ रहे हैं। छोटे वाहन चालक लंबा चक्कर लगाकर भीरा की ओर से इमलिया फार्म पहुंच रहे हैं। नदी ने जंगल नंबर सात, बरूआ कलां तथा टेढ़ी फार्म में भी कटान तेज कर दिया है। जिससे ग्रामीणों के चेहरों पर चिंता की लकीरें खींच गईं हैं। दौलतापुर रेलवे लाइन के पास नदी कटान कर रही है। लाइन को बचाने के लिए रेलवे विभाग के कर्मचारी जी जान से जुटे हुए हैं।