लखीमपुर खीरी। मोहल्लों में जलभराव से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। जलनिकासी की व्यवस्था न होने से कई मोहल्लों में बारिश का पानी जमा है। इससे वहां पर मच्छरजनित बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ने लगा है। लोगों को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए न तो जिला प्रशासन ध्यान दे रहा और न ही नगर पालिका के जिम्मेदार।
बारिश के मौसम में संक्रामक बीमारियों के बढ़ने का खतरा बढ़ जाता है। जबकि इसकी रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य महकमे की ओर से शुरू की गई कवायद सिर्फ कागजों तक ही सीमित है। शहर के कई मोहल्लों में पानी भरा होने से मच्छरजनित बीमारियां, जिसमें मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया आदि रोगों के फैलने का खतरा मंडराने लगा है। जबकि गांवों के बुखार, जेई एवं एईएस ने पावं पसारना शुरू कर दिए हैं। इसकी नजीर रोजाना जिला अस्पताल में भर्ती होने वाले पीड़ित बच्चे हैं। जिला अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. संतोष मिश्रा बताते हैं कि मच्छर पनपने की मुख्य वजह जलभराव है। ऐसे में डेंगू, चिकनगुनिया एवं दीमागी बुखार फैलने की आशंका तेज हो जाती है। इसलिए जिन जगहों पर पानी इकट्ठा हो रहा हो वहां रहने वालों को बेहद सतर्क रहना चाहिए। जिन जगहों पर पानी भरा हो वहां पर मिट्टी के तेल या फिर जला हुआ मोबिल डाल दें।
ऐसे करें बचाव
1. पानी उबाल कर पीना चाहिए, बासी भोजन करने से बचें।
2. मच्छरों से बचके रहें। दिन में शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें और रात में मच्छरदानी का प्रयोग करें।
3. छत पर रखे गमले आदि में पानी न जमा होने दें। कूलर आदि का पानी बदलते रहें।
4. जिस जगह पर पानी जमा हो रहा हो वहां पर केरोसिन डालें या फिर चूना व कीटनाशक।
5. बुखार आने पर बिना लापरवाही किए सरकारी अस्पताल में दिखाएं।
चिल्ड्रन वार्ड में एक बच्ची की मौत, चार भर्ती
बुखार आने पर निघासन निवासी इंद्रपाल की ढाई साल की पुत्री आर्या, कंधरीपुर निवासी जोगेंद्र कुुमार दस साल की पुत्री निर्मला, पट्टीपुरवा निवासी भरत दस साल के पुत्र नैमिष, नीमगांव निवासी हमीदुल्लाह 12 साल की पुत्री रूही एवं निमोनिया पीड़ित डेढ़ साल की पलक को लेकर सलेमपुर निवासी उसके पिता प्रेम जिला अस्पताल पहुंचे। हालत गंभीर होने पर सभी को चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया। इलाज के दौरान निमोनिया पीड़ित बच्ची की मौत हो गई।
मच्छरों की रोकथाम के लिए नगर पालिका एवं पंचायतों को कीटनाशक उपलब्ध करा दिया गया है। निरंतर छिड़काव कराया जा रहा है।
- स्वतंत्र मिश्रा, जिला मलेरिया अधिकारी
शहर में एंटीलार्वा का छिड़काव एवं फॉगिंग कराने का रोस्टर बना हुआ है, जिसके अनुसार प्रत्येक मोहल्लों में फॉगिंग कराने के साथ छिड़काव कराया जा रहा है।
- आरआर अंबेश, अधिशासी अधिकारी