पलियाकलां। पलिया इलाके में रोजाना कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। मंगलवार को मोहल्ला बाजार प्रथम में एक कोरोना पॉजीटिव मरीज मिला है। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग ने मोहल्ले में पहुंचकर संपर्क में आए हुए लोगों को चिह्नित किया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ एचएन वरुण, काउंसलर अंकित दीक्षित, फरहान किदवई आदि ने पहुंचकर कंटेन्मेंट जोन बनाया है। अधीक्षक ने बताया कि सोमवार से मंगलवार तक पॉजिटिव मिले लोगों के संपर्क में आए 103 लोगों को चिह्नित किया गया है। जिनकी जांच कराई जाएगी। बताया कि लगातार संक्रमितों के मिलने के बाद भी लोग सतर्कता नहीं बरत रहे हैं।
जंगबहादुरगंज में निकला कोरोना मरीज
पसगवां ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत सल्लिया (जंगबहादुरगंज) में कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक जंगबहादुरगंज निवासी एक व्यक्ति का पुत्र बीमारी के कारण शाहजहांपुर के जिला अस्पताल में भर्ती था,जहां कोरोना जांच में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य टीम और लेखपाल मौके पर पहुंचे। सीएचसी के डॉक्टर अशोक यादव व लेखपाल राजीव श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंच कर परिवार वालों के नाम नोट किए और गली को भी सीज कर दिया है।