गौरीफंटा (लखीमपुर खीरी)। प्रदेश के वन मंत्री दारा सिंह ने शनिवार को नेपाल के गौरीफंटा बॉर्डर का निरीक्षण किया, नोमैंस लैंड भी देखा। अधिकारियों के साथ बैठक कर आपसी तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए। माना जा रहा है कि पिछले दिनों नौमैंस लैंड और शव दफनाने को लेकर हुए विवाद के मद्देनजर जायजा लेने आए थे। उन्होंने दुधवा पार्क को इको टूरिज्म क्षेत्र में बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
गौरीफंटा बॉर्डर पर शनिवार दोपहर प्रदेश के वनमंत्री दारा सिंह पहुंचे। उन्होंने बॉर्डर का पैदल निरीक्षण किया और नोमैंस लैंड भी देखा। उसके बाद गौरीफंटा के गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने दुधवा पार्क को इको टूरिज्म क्षेत्र में बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। तस्करी पर रोकथाम के साथ यहां बनने वाली सड़क के संबंध में भी चर्चा की। साथ ही कोरोना संक्रमण से बचाव को दुधवा नेशनल पार्क क्षेत्र के जंगल में स्वच्छंद विचरण करने वाले वन्यजीवों के संबंध में सावधानी बरतने के लिए कहा। इस दौरान फील्ड डायरेक्टर दुधवा संजय पाठक, डिप्टी डायरेक्टर मनोज सोनकर, दुधवा वार्डन एसके अंबरेश, एसएसबी सहायक कमानडेंट उपेंद्र सिंह डांगी, गौरीफंटा प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र यादव, गौरीफंटा रेंजर खड़क बहादुर, बनकटी रेंजर आलोक शर्मा, सीपीओ गौरीफंटा जयशंकर प्रसाद समेत स्टाफ मौजूद रहा।