मोहम्मदी। कस्बे के एक कथित बिजली कर्मचारी ने खेत में मोटर के लिए बिजली का त्वरित कनेक्शन दिलाने के नाम पर एक युवक से 1.20 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गांव डंडौरा थाना मैगलगंज निवासी भागीरथ ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कस्बे के गुरुद्वारा गेट के पीछे रह रहे एक युवक से संपर्क होने पर उसने अपने को विद्युत कर्मचारी बताया तो उसने विद्युत कनेक्शन की फाइल दिखाई। जिस पर उसने एक लाख बीस हजार रुपये देने पर त्वरित कनेक्शन कर मोटर चालू कराने का आश्वासन दिया। उसने कथित विद्युत कर्मचारी को पूरी रकम चुकता कर दी। जिस पर उसने फर्जी तरीके से लाइन बिछाकर मोटर चालू कर दिया। उक्त कर्मचारी ने उसे रकम की कोई रसीद भी नहीं दी। कुछ दिन पूर्व जांच करने पहुंचे जेई औरंगाबाद ने जांच में कनेक्शन को फर्जी बता कर उसका कनेक्शन काट दिया। पीड़ित ने जब पूरी बात विद्युत कर्मचारी को बताई तो वह आज कल करते एक वर्ष से झांसा देकर न रुपया वापस कर रहा और न ही पावर कॉरपोरेशन से कनेक्शन की रसीद दे रहा है। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर पूरा वाक्या बताया और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। इंस्पेक्टर संजय त्यागी का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। मामला सही पाए जाने पर दोषी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।